Pappu Yadav News: बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को पटना मेडिकल कॉलेज (PMCH) से बेउर जेल भेजा गया है। शनिवार को उन्हें स्ट्रेचर पर अस्पताल से बाहर लाया गया और पटना पुलिस की निगरानी में बेउर जेल ले जाया गया। पप्पू यादव को 31 साल पुराने मामले में गिरफ्तार किया गया था। यह मामला 1995 में गर्दनीबाग थाने में दर्ज धोखाधड़ी विवाद से जुड़ा है।
Bihar Politics: बिहार राजनीति में उबाल, 31 साल पुराने मामले में पप्पू यादव गिरफ्तार, अस्पताल में रहेंगे
गिरफ्तारी और कोर्ट की कार्यवाही

पप्पू यादव को शुक्रवार रात पूर्णिया से पटना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार को एमपी/एमएलए कोर्ट में पेशी हुई, जहां कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजते हुए सोमवार (9 फरवरी) तक PMCH में रखने का आदेश दिया था। कोर्ट ने यह भी कहा था कि जमानत पर सुनवाई सोमवार को होगी। इसके बावजूद पटना पुलिस ने उन्हें पहले ही बेउर जेल भेज दिया।
कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
पप्पू यादव की गिरफ्तारी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता रविवार को सड़क पर उतर आए। पटना स्थित सदाकत आश्रम के मुख्यद्वार पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला जलाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार बेटियों के साथ हो रहे अन्याय और अत्याचार को नजरअंदाज कर रही है और पप्पू यादव की गिरफ्तारी निंदनीय है।
छात्रा मौत मामले पर सियासत
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पूर्णिया सांसद पप्पू यादव लगातार छात्रा मौत मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इसी वजह से सरकार ने उन्हें निशाना बनाया। नेताओं ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकारें संघी मानसिकता से प्रेरित हैं और बेटियों के साथ हो रहे अन्याय को सहन नहीं किया जाएगा।
पप्पू यादव की गिरफ्तारी और उन्हें बेउर जेल भेजे जाने से बिहार की राजनीति में हलचल मच गई है। कांग्रेस ने इसे सरकार की नाकामी और विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बताया है। सोमवार को एमपी/एमएलए कोर्ट में उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई होगी, जिस पर सबकी निगाहें टिकी हैं।










