UP Politics: ‘सड़क पर भीड़ जुटा लो, गांव में सच पता चलेगा’, अखिलेश पर राजभर का तंज

गाजीपुर में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। राजभर ने कहा कि वह सपा के लिए अकेले ही काफी हैं। 2027 यूपी चुनाव को लेकर उन्होंने सपा के सत्ता में लौटने के दावे पर भी तंज कसा और गांवों में बीजेपी के समर्थन का दावा करते हुए अखिलेश पर निशाना साधा।

UP Politics

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 6, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

UP Politics: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर अपने चिर-परिचित अंदाज में तीखा हमला बोला। ओपी राजभर ने कहा कि उन्हें समाजवादी पार्टी से घबराने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि वह अकेले ही सपा के लिए काफी हैं। उनके इस बयान के बाद यूपी की सियासत में बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं।

‘हम समाजवादी पार्टी के लिए अकेले ही काफी हैं’, राजभर का दावा

बताते चले कि, अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि घबराने की कोई बात नहीं है, हम समाजवादी पार्टी के लिए अकेले ही काफी हैं। राजभर ने अपने बयान में अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वह लगातार सपा प्रमुख का ध्यान अपनी ओर खींचने में कामयाब रहते हैं। कैबिनेट मंत्री ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह रोजाना सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच अखिलेश यादव को ‘जगाते’ हैं और इसके बाद अखिलेश पूरे दिन उसी मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते रहते हैं। राजभर के मुताबिक, अगले दिन फिर वही सिलसिला शुरू हो जाता है और पूरा दिन चर्चा उन्हीं के इर्द-गिर्द घूमती रहती है।

अखिलेश यादव पर राजभर का तंज

सपा और अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले उनसे लड़ ले, उसके बाद बीजेपी से मुकाबला करने की बात करे। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि सपा प्रमुख का पूरा ध्यान उनकी तरफ रहता है, जबकि वह अपनी राजनीति पर लगातार आगे बढ़ रहे हैं।राजभर के बयान में सपा पर निशाना साधने के साथ-साथ अपनी राजनीतिक भूमिका को मजबूत बताने की कोशिश भी नजर आई। यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच जुबानी जंग लगातार तेज हो रही है।

पाकिस्तान पर भी बोले ओम प्रकाश राजभर

गाजीपुर में ओम प्रकाश राजभर ने पाकिस्तान को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पहले काफी डराता था, लेकिन प्रधानमंत्री की ओर से सेना को कार्रवाई की छूट मिलने के बाद स्थिति बदल गई है।राजभर ने सेना द्वारा पाकिस्तान के भीतर करीब 100 किलोमीटर अंदर जाकर आतंकी ठिकाने को निशाना बनाने का दावा करते हुए कहा कि इसके बाद पाकिस्तान के ‘होश ठिकाने’ आ गए हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में परेशानी दुश्मन और विपक्ष को है, जबकि आम जनता को किसी तरह की दिक्कत नहीं है।

2027 यूपी चुनाव पर राजभर का बड़ा दावा

2027 यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर भी ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने एक सपा नेता के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि जब उस नेता ने 2027 में सत्ता में वापसी का दावा किया तो उन्होंने जवाब दिया कि अगली पैदाइश की बात करो। राजभर ने सपा के पिछले शासन पर सवाल उठाते हुए पूछा कि अपने 10 साल के कार्यकाल में पार्टी ने क्या किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बहुत से काम हुए हैं और जब लोग क्षेत्र और गांवों में जाएंगे, तब उन्हें इसकी वास्तविक स्थिति का पता चलेगा।

‘राशन मोदी जी दे रहे हैं तो वोट भी उन्हीं को देंगे’, राजभर का दावा

ओम प्रकाश राजभर ने सरकारी राशन और बीजेपी के समर्थन को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि राशन लेने वाले लोग भी अब प्रधानमंत्री मोदी की बात कर रहे हैं। राजभर के मुताबिक, ग्रामीणों का कहना है कि जब राशन मोदी जी दे रहे हैं तो वोट भी उन्हीं को देंगे।उन्होंने अखिलेश यादव की रैलियों और भीड़ पर भी तंज कसा। राजभर ने कहा कि सड़क पर चाहे जितनी भीड़ जुटा ली जाए, लेकिन जब गांवों में जाकर लोगों से संपर्क किया जाएगा, तब वास्तविक स्थिति समझ में आएगी।

2027 से पहले यूपी में तेज हुई सियासी बयानबाजी

ओम प्रकाश राजभर के इस बयान को 2027 यूपी विधानसभा चुनाव की सियासी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। एक तरफ बीजेपी और उसके सहयोगी दल सत्ता में वापसी का दावा कर रहे हैं, तो दूसरी ओर समाजवादी पार्टी विपक्ष की भूमिका में सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है। गाजीपुर में राजभर के बयान ने एक बार फिर यूपी की राजनीति में बीजेपी-सपा के बीच जुबानी जंग को चर्चा में ला दिया है। अब देखना होगा कि अखिलेश यादव या समाजवादी पार्टी की ओर से राजभर के इन तीखे बयानों पर क्या पलटवार सामने आता है।

2