November Rules Change : 1 नवंबर से 18 बड़े बदलाव: कहीं महंगा हुआ दूध-CNG, तो कहीं बदले बैंकिंग और पेंशन के नियम

नवंबर का पहला दिन आम लोगों के लिए कई बड़े बदलाव लेकर आया है। कहीं दूध और CNG महंगी हुई तो कहीं बैंकिंग, पेंशन और बिजली के नियम बदल गए। दिल्ली में GRAP लागू है और यूपी एक्सप्रेसवे पर स्पीड लिमिट घटाई गई है। जानिए कौन से 18 बदलाव आपकी जेब प्रभावित करेंगे।

November Rules Change

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

नवम्बर 1, 2026

Advertisements
728x90-Pension-Mission-Shakti-Digital

November Rules Change : नवंबर महीने की शुरुआत के साथ ही देशभर में कई बड़े नियम और व्यवस्थाएं बदल गई हैं। इनका सीधा असर आम आदमी की जेब, रोजमर्रा के खर्च और जरूरी सेवाओं पर पड़ने वाला है। बैंकिंग, पेंशन, टैक्स, बिजली, परिवहन और गैस से जुड़े बदलाव आज यानी 1 नवंबर 2026 से लागू हो रहे हैं। दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए GRAP लागू किया गया है, जबकि कर्नाटक में दूध और दही महंगे हो गए हैं। उत्तर प्रदेश के कुछ शहरों में CNG की कीमतें बढ़ी हैं। आइए जानते हैं नवंबर के पहले दिन से लागू हुए 18 बड़े बदलाव।

1. दिल्ली में GRAP लागू, वाहनों की एंट्री पर पाबंदी

दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) लागू कर दिया गया है। इसके तहत दिल्ली के बाहर पंजीकृत BS-VI से नीचे के मानकों वाले वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। गैर जरूरी मालवाहक ट्रकों पर भी रोक लगाई गई है। नियम तोड़ने पर 20 हजार रुपये तक का चालान और वाहन जब्त होने की कार्रवाई हो सकती है। कुछ इलाकों में पार्किंग शुल्क भी बढ़ाया गया है।

2. यूपी के कई शहरों में महंगी हुई CNG

उत्तर प्रदेश में ग्रीन गैस लिमिटेड ने CNG की कीमतों में बढ़ोतरी की है। लखनऊ, आगरा, सुल्तानपुर और अयोध्या में प्रति किलो एक रुपये की वृद्धि हुई है। वहीं उन्नाव में CNG 2.25 रुपये प्रति किलो महंगी हो गई है।

3. तमिलनाडु में शराब की बोतल पर 10 रुपये अतिरिक्त

तमिलनाडु सरकार ने शराब की बोतलों की कीमत में 10 रुपये की बढ़ोतरी की है। हालांकि, ग्राहक खाली बोतल सही स्थिति में वापस करते हैं तो उन्हें 10 रुपये लौटाने का प्रावधान भी किया गया है।

4. कर्नाटक में दूध और दही के दाम बढ़े

कर्नाटक में दूध की कीमत आठ रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है। इसमें सात रुपये किसानों और एक रुपया दुग्ध संघों को मिलेगा। इसके अलावा एक किलो दही की कीमत में 14 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।

5. PNB और SBI क्रेडिट कार्ड के नियम बदले

पंजाब नेशनल बैंक के Visa और RuPay क्रेडिट कार्ड पर कई शुल्क बदल गए हैं। रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम करने पर 99 रुपये का शुल्क लगेगा। एक बिलिंग साइकल में 50 हजार रुपये से अधिक के यूटिलिटी बिल भुगतान पर एक प्रतिशत शुल्क लग सकता है। SBI ने भी क्रेडिट कार्ड से जुड़े नए चार्ज लागू किए हैं।

6. उत्तराखंड में बिजली कनेक्शन महंगा

उत्तराखंड में नए बिजली कनेक्शन के सर्विस लाइन चार्ज में बदलाव हुआ है। BPL उपभोक्ताओं का शुल्क 100 से बढ़ाकर 150 रुपये कर दिया गया है। वहीं प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं को कुछ राहत दी गई है।

7. बिहार में स्मार्ट मीटर के बिना नया कनेक्शन नहीं

बिहार में अब 150 किलोवाट तक के सभी नए बिजली कनेक्शनों पर स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाना अनिवार्य होगा। कनेक्शन का शुल्क उपभोक्ता के कनेक्शन के फेज के अनुसार निर्धारित किया जाएगा।

8. पेंशनर्स के लिए जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया

80 साल से कम उम्र के सरकारी पेंशनर्स एक नवंबर से अपना वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। इसकी अंतिम तारीख 30 नवंबर 2026 है। समय पर प्रमाण पत्र जमा नहीं करने पर पेंशन रुक सकती है।

9. टैक्स ऑडिट वालों के लिए ITR की नई तारीख

टैक्स ऑडिट वाले खातों के लिए असेसमेंट ईयर 2026-27 का ITR दाखिल करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 21 नवंबर 2026 कर दी गई है। यह राहत सभी करदाताओं के लिए नहीं है।

728x90-Pension-Mission-Shakti-Digital

10. GST और टैक्स रिफंड के नियमों में बदलाव

GST के तहत बिक्री के बाद दिए जाने वाले डिस्काउंट, क्रेडिट नोट और टैक्स रिफंड से जुड़े कुछ प्रावधान बदले हैं। कारोबारियों को कुछ मामलों में रिफंड प्रक्रिया में राहत मिलेगी।

11. मोबाइल पर दिखेगा कॉल करने वाले का नाम

CNAP सुविधा के जरिए मोबाइल स्क्रीन पर कॉल करने वाले का नाम दिखाई दे सकता है। इससे अनजान नंबरों की पहचान आसान होगी। हालांकि, इसकी उपलब्धता नेटवर्क और टेलीकॉम ऑपरेटर पर निर्भर करेगी।

12. FASTag के लोकल एनुअल पास की सुविधा

टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय लोगों के लिए सालाना FASTag पास की व्यवस्था लागू हो रही है। नगर सीमा से बाहर टोल प्लाजा के लिए शुल्क 1,500 रुपये और नगर सीमा के अंदर 3,000 रुपये होगा।

13. यूपी एक्सप्रेसवे पर घटाई गई स्पीड लिमिट

कोहरे और सर्दियों में सड़क हादसों को रोकने के लिए उत्तर प्रदेश के एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम गति घटाई गई है। भारी वाहनों की सीमा 80 से घटाकर 60 और कार-जीप जैसे हल्के वाहनों की सीमा 100 से घटाकर 80 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है।

14. आठ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर Digi Yatra का ट्रायल

देश के आठ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर Digi Yatra की अंतरराष्ट्रीय सुविधा का ट्रायल शुरू किया गया है। शुरुआत में एयर इंडिया और इंडिगो की चुनिंदा उड़ानों के यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा।

15. ताज एक्सप्रेस का स्टेशन बदला

रेलवे ने ताज एक्सप्रेस के शुरुआती और अंतिम स्टेशन में बदलाव किया है। अब यह ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बजाय हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से संचालित होगी।

16. राम मंदिर में दर्शन और आरती का समय बदला

अयोध्या के राम मंदिर में एक नवंबर से पूजा का समय बदल गया है। मंदिर के पट सुबह चार बजे खुलेंगे और रात दस बजे बंद होंगे। मंगला आरती सुबह 4:30 से 4:40 बजे तक होगी। श्रद्धालुओं के लिए दर्शन सुबह सात बजे से शुरू होंगे।

17. पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर नजर

हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां पेट्रोल और डीजल की कीमतों की समीक्षा करती हैं। अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल और रुपये की स्थिति के आधार पर नई दरों में बदलाव हो सकता है।

18. LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव

तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। 14.2 किलो का सिलेंडर घरेलू इस्तेमाल के लिए और 19 किलो का सिलेंडर व्यावसायिक कामों में उपयोग होता है। कीमतों में बदलाव का असर आम परिवारों और कारोबारियों दोनों पर पड़ सकता है।

Read More  :  Weather Update: अर्णब चक्रवात से यूपी में बदला मौसम, बारिश और ठंड ने बढ़ाई मुश्किलें

2