NEET UG परीक्षा परिणाम पर बवाल, छात्रों के आरोपों के बाद NTA ने जारी किया स्पष्टीकरण

NEET UG 2026 के रिजल्ट के बाद देशभर में विवाद गहरा गया है। कई छात्रों ने OMR शीट बदलने, स्कोर में अंतर और आंसर-की से मेल नहीं खाने के आरोप लगाए हैं। आखिर इन दावों की सच्चाई क्या है और NTA ने अपने बचाव में क्या कहा? जानिए पूरी रिपोर्ट।

छात्रों के आरोपों के बाद NTA ने जारी किया स्पष्टीकरण

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

जुलाई 20, 2026

NEET UG 2026 री-एग्जाम का परिणाम घोषित होने के बाद एक बार फिर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) सवालों के घेरे में आ गई है। कई अभ्यर्थियों ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से आरोप लगाया है कि उनके आधिकारिक स्कोरकार्ड में दर्ज अंक उनकी OMR शीट और फाइनल आंसर-की के आधार पर मिलने वाले अंकों से मेल नहीं खाते। कुछ छात्रों ने OMR शीट बदलने का दावा किया है, जबकि कुछ का कहना है कि उनके स्कोर कुछ ही घंटों के भीतर बदल गए। इन आरोपों के बाद एजेंसी ने पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया जारी की है।

Bank of India 2026: बैंक ऑफ इंडिया में नौकरी का मौका, क्रेडिट ऑफिसर के 779 पदों पर निकली भर्ती

छात्रों ने लगाए OMR शीट में गड़बड़ी के आरोप

रिजल्ट सामने आने के बाद कई छात्रों ने दावा किया कि वेबसाइट पर उपलब्ध OMR शीट उनकी वास्तविक उत्तर पुस्तिका से अलग है। उनका कहना है कि परीक्षा के बाद उन्होंने आधिकारिक आंसर-की के आधार पर अपने अंक निकाले थे, लेकिन परिणाम घोषित होने पर स्कोर उम्मीद से काफी कम मिला। इन आरोपों ने सोशल मीडिया पर बड़ी बहस छेड़ दी, जहां कई छात्रों ने अपनी OMR शीट और स्कोरकार्ड साझा करते हुए जांच की मांग की।

महाराष्ट्र की छात्रा ने उठाए गंभीर सवाल

महाराष्ट्र के वाडवणी की छात्रा ज्ञानेश्वरी पवार ने आरोप लगाया कि NTA की वेबसाइट पर अपलोड की गई OMR शीट उनकी नहीं है। उनके परिवार का कहना है कि उनके पास परीक्षा के दौरान इस्तेमाल किया गया मूल प्रश्नपत्र मौजूद है, जिससे उन्हें OMR शीट में अंतर दिखाई देता है। परिजनों के अनुसार, आधिकारिक उत्तर कुंजी से मिलान करने पर छात्रा के लगभग 702 अंक बनने चाहिए थे, लेकिन जारी परिणाम में उन्हें केवल 87 अंक दिए गए। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

कानपुर की छात्रा ने स्कोर बदलने का लगाया आरोप

उत्तर प्रदेश के कानपुर की छात्रा आर्या सिंह ने भी परिणाम में तकनीकी गड़बड़ी होने का दावा किया है। उनका कहना है कि शुरुआत में उपलब्ध OMR शीट में प्रश्नों का क्रम गलत था, जिसकी शिकायत उन्होंने NTA से की थी। बाद में संशोधित OMR उपलब्ध कराई गई, लेकिन स्कोर में कोई बदलाव नहीं हुआ। आर्या का आरोप है कि रिजल्ट जारी होने के बाद शुरुआती कुछ समय तक वेबसाइट पर उनके 540 अंक दिखाई दे रहे थे, लेकिन कुछ घंटों बाद वही स्कोर घटकर 167 अंक हो गया। उन्होंने इस मामले में संबंधित दस्तावेजों के साथ NTA और केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय को शिकायत भेजी है तथा निष्पक्ष जांच की मांग की है।

NTA ने आरोपों को किया खारिज

सोशल मीडिया पर बढ़ते विवाद के बीच NTA ने स्पष्ट किया कि जिन मामलों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, उनकी जांच पहले ही की जा चुकी है। एजेंसी का कहना है कि उसके रिकॉर्ड में सुरक्षित मूल OMR शीट पूरी तरह सही है और परिणाम उसी के आधार पर तैयार किए गए हैं। NTA के अनुसार, OMR रिस्पॉन्स-की चैलेंज प्रक्रिया के दौरान संबंधित उम्मीदवारों को उनकी मूल OMR शीट उनके पंजीकृत ईमेल पर भेजी गई थी।

फर्जी OMR शीट फैलाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

एजेंसी ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कुछ OMR शीट्स में डिजिटल एडिटिंग या कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से बदलाव किए गए हैं। NTA के मुताबिक, कुछ मामलों में हस्ताक्षर, उत्तर और अन्य विवरणों के साथ छेड़छाड़ की गई है। एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया कि संबंधित छात्रों के आधिकारिक अंक सही हैं और रिकॉर्ड में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं मिली है।

CBSE 10th Second Board Result 2026 : CBSE 10वीं सेकेंड बोर्ड रिजल्ट जारी, जानिए कहां और कैसे करें चेक

Public Examinations Act के तहत हो सकती है कार्रवाई

NTA ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति फर्जी OMR शीट तैयार करता है, उसमें बदलाव करता है या उसे सोशल मीडिया पर साझा कर गलत जानकारी फैलाता है, तो उसके खिलाफ Public Examinations (Prevention of Unfair Means) Act, 2024 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल NEET UG 2026 रिजल्ट को लेकर विवाद जारी है। एक ओर छात्र निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं, वहीं NTA अपने रिकॉर्ड को सही बताते हुए सभी आरोपों को निराधार बता रही है। अब इस पूरे मामले पर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर छात्रों और अभिभावकों की नजर बनी हुई है।