NEET UG 2026: राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा में शामिल हुए लाखों अभ्यर्थियों के लिए स्कैन की गई OMR उत्तर पुस्तिका और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स उपलब्ध करा दिए हैं। इसके साथ ही उम्मीदवारों को यह सुविधा भी दी गई है कि यदि उन्हें अपने रिकॉर्डेड उत्तरों में किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति दिखाई देती है, तो वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
NTA ने यह सुविधा अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई है। इसके अलावा सभी अभ्यर्थियों की स्कैन की गई OMR शीट उनके पंजीकृत ई-मेल पते पर भी भेजी गई है, जिससे उन्हें रिकॉर्ड देखने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सुरक्षा के लिए लागू किया गया टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन
इस बार उम्मीदवारों के डेटा की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एजेंसी ने OTP आधारित टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन की व्यवस्था लागू की है। अब केवल आवेदन संख्या और पासवर्ड से लॉगिन करने के बाद उम्मीदवारों को अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर या ई-मेल पर प्राप्त OTP दर्ज करना होगा। सत्यापन पूरा होने के बाद ही वे अपनी OMR शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स देख सकेंगे।इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि केवल संबंधित उम्मीदवार ही अपने परीक्षा रिकॉर्ड तक पहुंच सकें।
रिकॉर्डेड उत्तरों में गलती मिलने पर दर्ज कराएं आपत्ति
NTA ने अभ्यर्थियों को अपने रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स का सावधानीपूर्वक मिलान करने की सलाह दी है। यदि उम्मीदवारों को लगता है कि परीक्षा के दौरान OMR शीट में भरे गए उत्तर और सिस्टम में दर्ज उत्तरों के बीच कोई अंतर है, तो वे संबंधित प्रश्न के खिलाफ ऑनलाइन चुनौती प्रस्तुत कर सकते हैं। यह प्रक्रिया केवल रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स और OMR शीट में संभावित त्रुटियों के लिए उपलब्ध कराई गई है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि उत्तर कुंजी (Answer Key) से संबंधित आपत्तियों की प्रक्रिया पहले ही समाप्त हो चुकी है। इसलिए अब उत्तर कुंजी को लेकर कोई नई चुनौती स्वीकार नहीं की जाएगी।
आपत्ति दर्ज करने का अवसर
NTA के अनुसार, OMR शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स पर आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया 13 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 15 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन चुनौती प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति दर्ज करने के लिए 200 रुपये का प्रोसेसिंग शुल्क निर्धारित किया गया है। यह शुल्क डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के माध्यम से ऑनलाइन जमा किया जा सकता है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि समय सीमा समाप्त होने के बाद या बिना शुल्क जमा किए किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
पुनर्परीक्षा के बाद जारी हुआ रिकॉर्ड
गौरतलब है कि NEET UG 2026 की मूल परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी। इसके बाद 6 मई को अनंतिम उत्तर कुंजी जारी की गई, लेकिन बाद में परीक्षा रद्द कर दी गई। इसके बाद NTA ने 21 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पुनर्परीक्षा आयोजित कराई। इस पुनर्परीक्षा में देशभर से 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। अब OMR शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स जारी होने के बाद उम्मीदवार अंतिम परिणाम घोषित होने का इंतजार कर रहे हैं।
महाकाल मंदिर की अपार संपत्ति आई सामने, करोड़ों की FD, आभूषण और 90 एकड़ भूमि का बड़ा खुलासा
ऐसे देखें अपनी OMR शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स
OMR शीट देखने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद आवेदन संख्या और पासवर्ड की सहायता से लॉगिन करें। लॉगिन के बाद मोबाइल नंबर या ई-मेल पर प्राप्त OTP दर्ज कर अपनी पहचान सत्यापित करें। सत्यापन पूरा होने के बाद “View/Challenge OMR Sheet & Recorded Responses” विकल्प पर क्लिक करें। यहां उम्मीदवार अपनी स्कैन की गई OMR शीट और रिकॉर्डेड उत्तर देख सकते हैं तथा आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन आपत्ति भी दर्ज कर सकते हैं।










