NEET UG 2026: NEET UG री-टेस्ट को लेकर NTA की बड़ी तैयारी, परीक्षा केंद्रों पर अलर्ट

NEET UG 2026 री-एग्जाम को लेकर NTA की तैयारी अब काफी सख्त और बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था पर आधारित है। देशभर में परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल, CCTV निगरानी, और अर्धसैनिक बलों की तैनाती इस बात का संकेत है कि इस बार परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से कराने पर जोर दिया जा रहा है।

NEET UG री-टेस्ट को लेकर NTA की बड़ी तैयारी

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

जून 19, 2026

NEET UG 2026: NEET UG 2026 री-एग्जाम से पहले देशभर में परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास 21 जून को होने वाली परीक्षा से पहले शनिवार को किया जाएगा, जिसका उद्देश्य सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करना है। इस मॉक ड्रिल को लेकर बताया गया है कि यह सुबह 9 बजे शुरू होकर देर शाम तक चलेगी।

NEET UG Re-exam : क्या आपने डाउनलोड किया नया एडमिट कार्ड? चूक न जाएं ये निर्देश

2.5 लाख से अधिक सुरक्षा कर्मी होंगे शामिल

मॉक ड्रिल में देशभर के परीक्षा केंद्रों पर तैनात एजेंसियों और सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय की जांच की जाएगी। रिपोर्ट्स के अनुसार इस अभ्यास में 2.5 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी हिस्सा लेंगे। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि परीक्षा के दिन किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, लापरवाही या सुरक्षा चूक की संभावना न रहे।

5000 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर निगरानी

NEET UG री-एग्जाम के लिए देशभर में 5000 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों की जिम्मेदारी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को सौंपी गई है। परीक्षा के दिन इन सभी केंद्रों पर तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा का जिम्मा अर्धसैनिक बलों को दिया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके।

CCTV और डिजिटल निगरानी से कड़ी नजर

NTA ने सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे CCTV कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था की है। इन कैमरों की फीड सीधे नियंत्रण कक्ष तक पहुंचाई जाएगी, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी केंद्र बनाया गया है, जो किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह पर तुरंत कार्रवाई करेगा। राज्य और केंद्र स्तर की एजेंसियां भी लगातार परीक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखेंगी।

22 लाख छात्र होंगे परीक्षा में शामिल

इस बार NEET UG री-एग्जाम में करीब 22 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से लगभग 18 लाख उम्मीदवारों ने अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लिए हैं। यह परीक्षा देशभर में बड़े पैमाने पर आयोजित की जा रही है, इसलिए सुरक्षा और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

NEET UG 2026 Re-exam : दिल्ली हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, नीट परीक्षा तक टेलीग्राम पर बैन रहेगा बरकरार

बायोमेट्रिक में समस्या होने पर भी नहीं रुकेगा प्रवेश

NTA ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी उम्मीदवार का बायोमेट्रिक सत्यापन तकनीकी खराबी, कमजोर फिंगरप्रिंट, UIDAI कनेक्टिविटी समस्या या किसी अन्य कारण से नहीं हो पाता है, तब भी उसे परीक्षा देने से नहीं रोका जाएगा। यह निर्णय छात्रों की सुविधा और परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए लिया गया है।