Murder In Shamli: उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक बेहद दहला देने वाली और सनसनीखेज खबर सामने आई है। हरियाणा के चर्चित सिंगर और पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे अंकित बालियान (35) की बुधवार शाम को शहर कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी नाला पटरी पर स्थित जिम के बाहर गोलियों से भूनकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस दुस्साहसिक वारदात को चार अज्ञात हमलावरों ने अंजाम दिया, जिन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए 20 से ज्यादा राउंड गोलियां चलाईं। इस खूनी खेल से पूरा इलाका सहम गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
Kal Ka Mausam: दिल्ली-UP-बिहार समेत 26 राज्यों में बारिश, आंधी और वज्रपात
जिम से बाहर निकलते ही गाड़ी में बैठे रहे थे सिंगर
मूल रूप से शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले अंकित बालियान पिछले कुछ समय से हरियाणा के सोनीपत में रहकर सिंगिंग करते थे और हाल ही में अपने परिवार के साथ गांव में ही रह रहे थे। वे इस बार आगामी पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी कर रहे थे।
बुधवार की शाम वह अपनी रोज की रूटीन के मुताबिक शामली में एक जिम में एक्सरसाइज करने आए थे। शाम करीब पौने सात बजे जब वे जिम से बाहर निकलकर अपनी गाड़ी में बैठने ही वाले थे, तभी घात लगाए बैठे चार हमलावरों ने पिस्टलों से उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने करीब 20 राउंड फायरिंग की, जिसमें से 5 गोलियां अंकित बालियान को लगीं और वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर हवा में पिस्तौल लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ गाने से आए थे चर्चा में
वारदात के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल अंकित बालियान को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शामली पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर तमाम साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आपको बता दें कि मृतक अंकित बालियान अपने चर्चित गाने ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ के बाद काफी मशहूर हुए थे और इलाके में उनकी अच्छी खासी पहचान थी।
परिजनों का हंगामा, सड़क पर शव रखकर लगाया जाम
हत्या की इस दर्दनाक खबर के फैलते ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। इंसाफ की मांग को लेकर परिजनों ने शामली शहर के वीवी इंटर कॉलेज रोड स्थित वर्मा मार्केट के बाहर सड़क पर अंकित का शव रखकर जोरदार जाम लगा दिया और हंगामा शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया कि जब तक पुलिस हत्यारों को गिरफ्तार नहीं करती, तब तक वे जाम नहीं खोलेंगे और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस बीच, पुलिस अधीक्षक (SP) एनपी सिंह ने मीडिया को बताया कि हत्यारों की धरपकड़ के लिए कई विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है। पुलिस इस मामले में पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है।
UP Politics: PM मोदी से मिले जयंत चौधरी, अखिलेश से तकरार के बीच क्यों अहम










