Meerut Air Show: उत्तर प्रदेश के मेरठ में शनिवार को भारतीय वायुसेना के जांबाज पायलटों ने आसमान में ऐसा नजारा पेश किया, जिसे देखने वाले देर तक नजरें नहीं हटा सके। सूर्य किरण एरोबैटिक टीम के एयर शो के लगातार दूसरे दिन आसमान में विमानों ने शानदार करतब दिखाए। विमान कभी तेज रफ्तार में एक-दूसरे के करीब नजर आए तो कभी 360 डिग्री पर घूमते हुए दिखाई दिए। पायलटों के साहस, अनुशासन और सटीक उड़ान ने लोगों को रोमांचित कर दिया।
Meerut Air Show में आसमान बना तिरंगे का रंगमंच
बताते चले कि, मेरठ के मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू टाउनशिप क्षेत्र में आयोजित एयर शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कार्यक्रम स्थल के आसपास करीब तीन किलोमीटर के क्षेत्र से लोगों ने भारतीय वायुसेना के प्रदर्शन का आनंद लिया। कई लोग घरों की छतों और आसपास के खेतों में खड़े होकर आसमान में होने वाली गतिविधियों को देखते रहे। जैसे ही विमानों ने एक साथ उड़ान भरी, लोगों ने तालियों के साथ पायलटों के प्रदर्शन का स्वागत किया।
सूर्य किरण टीम ने आसमान में बनाया तिरंगा
सूर्य किरण एरोबेटिक टीम के विमानों ने स्मोक पॉड्स की मदद से आसमान में केसरिया, सफेद और हरे रंग का धुआं छोड़ा। इससे आसमान में तिरंगे की मनमोहक आकृति दिखाई दी। इन स्मोक पॉड्स को नासिक स्थित बेस रिपेयर डिपो द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित किया गया है। तिरंगे के रंगों में उड़ते विमानों का यह दृश्य एयर शो के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहा।
Hawk Mk 132 ने दिखाए लूप और बैरल रोल

एयर शो में सूर्य किरण टीम के हॉक एमके 132 विमानों ने कई तरह के एरोबेटिक मैनूवर दिखाए। पायलटों ने लूप, बैरल रोल, इनवर्टेड फ्लाइंग यानी उल्टी उड़ान और ‘डीएनए’ मैनूवर जैसे करतब पेश किए। विमानों की गति, एक-दूसरे के साथ तालमेल और बेहद सटीक फॉर्मेशन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कई मौकों पर विमान बेहद करीब से एक साथ उड़ते नजर आए।
Meerut Air Show के लिए 20 किलोमीटर क्षेत्र रेड जोन
मेरठ एयर शो को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए गए। एयरफोर्स के प्रदर्शन के दौरान करीब 20 किलोमीटर के दायरे को रेड जोन घोषित किया गया था। इसके अलावा दिल्ली रोड और एनएच-58 के आसपास कुछ समय के लिए भारी वाहनों के रूट में बदलाव भी किया गया। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने एयर शो को लेकर जरूरी व्यवस्थाएं की थीं।
लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने भारतीय वायुसेना को दिया धन्यवाद

कार्यक्रम में मौजूद भाजपा के राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने एयर शो के आयोजन के लिए भारतीय वायुसेना का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना ने उनके अनुरोध को स्वीकार करते हुए मेरठ में एयर शो आयोजित करने की अनुमति दी। उन्होंने सूर्य किरण टीम के प्रदर्शन को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया और कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति रुचि और गर्व की भावना बढ़ा सकते हैं।
19 और 20 सितंबर को मेरठ में एयर शो
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मेरठ के मोहिउद्दीनपुर न्यू टाउनशिप क्षेत्र में 19 और 20 सितंबर को मुख्य एयर शो का आयोजन किया जा रहा है। सूर्य किरण एरोबैटिक टीम के हॉक एमके 132 विमान इस आयोजन का मुख्य आकर्षण हैं। आसमान में विमानों के शानदार फॉर्मेशन और हैरतअंगेज करतब देखने के लिए मेरठ में लोगों का उत्साह लगातार बना हुआ है।










