Bengal Election 2026 : ‘मैं 1984 से चुनाव लड़ रही हूं, लेकिन इस बार…’, बंगाल में क्या बोल गईं ममता

भवानीपुर में मतदान के दौरान ममता बनर्जी ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि वह 1984 से चुनाव लड़ रही हैं, लेकिन इस बार जो 'वोटर लिस्ट में धांधली' और 'केंद्रीय बलों का दबाव' उन्होंने देखा है, वैसा पहले कभी नहीं था। क्या ममता का यह इशारा किसी बड़े उलटफेर की ओर है?

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

अप्रैल 29, 2026

Bengal Election 2026 : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के तहत बुधवार, 29 अप्रैल को 142 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान संपन्न हुआ। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं, जो लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उत्साहित थे। चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, शाम तक लगभग 78.68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए आयोग ने 142 सामान्य पर्यवेक्षकों और 95 पुलिस पर्यवेक्षकों की तैनाती की थी। केंद्रीय बलों की सघन चौकसी के कारण कुछ छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान प्रक्रिया मोटे तौर पर शांतिपूर्ण रही।

ममता बनर्जी का तीखा हमला: ‘केंद्रीय बल लोगों को प्रताड़ित कर रहे हैं’

भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में अपना वोट डालने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और सुरक्षा बलों पर कड़ा प्रहार किया। उंगली पर अमिट स्याही और हाथ से ‘विक्ट्री साइन’ दिखाते हुए उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) भारी बहुमत से चुनाव जीत रही है। हालांकि, उन्होंने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा, “सीआरपीएफ इस तरह से लोगों को टॉर्चर नहीं कर सकती। मैंने अपने राजनीतिक जीवन में 1984 से कई चुनाव देखे हैं, लेकिन लोकतंत्र का ऐसा स्वरूप और इस तरह का अत्याचार कभी नहीं देखा।”

सुरक्षा बलों पर पक्षपात का आरोप: ‘महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा’

टीएमसी प्रमुख ने आरोप लगाया कि केंद्रीय बल और सेंट्रल ऑब्जर्वर एक विशेष राजनीतिक दल के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “कल रात से ही अत्याचार शुरू हो गया था। केंद्रीय बलों के लोग महिलाओं और बच्चों तक को मार रहे हैं। राणाघाट, कल्याणी, आरमबाग़ और कैनिंग जैसी जगहों पर हमारे पोलिंग एजेंट्स को बाहर निकाल दिया गया।” ममता ने आगे कहा कि इन बलों का काम सीमा की रक्षा करना है, लेकिन वे यहां राज्य पुलिस को दरकिनार कर लोगों को परेशान कर रहे हैं। उन्होंने इसे कोर्ट की अवमानना और स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव की भावना के खिलाफ बताया।

शुभेंदू अधिकारी का पलटवार: ‘जाग गया है हिंदू मतदाता’

दूसरी ओर, बीजेपी के कद्दावर नेता और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदू अधिकारी ने ममता बनर्जी के आरोपों को खारिज करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आदेश दिए गए हैं कि मतदान केंद्रों के पास अनावश्यक भीड़ न जमा हो। शुभेंदू ने कहा, “सेंट्रल फोर्स को आदेश दिया गया है कि जहां 4 से ज्यादा लोग खड़े हों, उन्हें खदेड़ा जाए। जो वोट दे चुके हैं, उन्हें घर जाना चाहिए।” टीएमसी के हंगामे पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने विवादित बयान दिया कि अब हिंदू मतदाता जाग गया है, इसलिए तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले परेशान हो रहे हैं।

भवानीपुर में दिलचस्प मुकाबला: एक ही समय पर आमने-सामने आए दिग्गज

कोलकाता की भवानीपुर सीट पर आज एक दुर्लभ और दिलचस्प राजनीतिक दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी नेता शुभेंदू अधिकारी एक ही समय पर चक्रबेरिया स्थित वार्ड नंबर 73 के मतदान केंद्र पर पहुंच गए। हालांकि दोनों नेताओं के बीच कोई औपचारिक बातचीत या अभिवादन नहीं हुआ, लेकिन उनकी एक साथ मौजूदगी ने चुनावी गर्मी को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया। भवानीपुर इस बार के चुनाव की सबसे हॉट सीट बनी हुई है, जहां का परिणाम राज्य की भविष्य की राजनीति की दिशा तय करेगा।

Read More :  Bengal Election : बंगाल में शाम 5 बजे तक 90% वोटिंग, TMC और BJP के गंभीर आरोप