Maharashtra Earthquake: पालघर में एक घंटे के अंदर दो बार कांपी धरती, 3.4 रही तीव्रता; कोई नुकसान नहीं

Maharashtra Earthquake: पालघर में सोमवार रात करीब एक घंटे के भीतर दो भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिनमें दूसरे की तीव्रता 3.4 रही। दोनों झटके पांच किलोमीटर गहराई में दर्ज हुए। लगातार आए झटकों से लोगों में चिंता बढ़ी, हालांकि अधिकारियों के मुताबिक अब तक किसी तरह के जान-माल या संपत्ति नुकसान की खबर नहीं है

पालघर में एक घंटे के अंदर दो बार कांपी धरती

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

अगस्त 11, 2026

Maharashtra Earthquake: महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार रात लगातार दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। करीब एक घंटे के अंतराल में आए दोनों भूकंपों की तीव्रता 3.4 मापी गई। लगातार झटकों से कुछ इलाकों में लोगों के बीच चिंता का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।

जिला सूचना कार्यालय के अनुसार पहला भूकंप रात करीब 10 बजकर 04 मिनट पर महसूस किया गया। इसके लगभग एक घंटे बाद रात 11 बजे एक बार फिर धरती हिली। दोनों घटनाओं की तीव्रता समान रही।

Maharashtra Politics : सुप्रिया सुले समेत 8 सांसद पीएम मोदी से मिले, महिला

जव्हार तालुका में था भूकंप का केंद्र

जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम के मुताबिक, दोनों भूकंपों का केंद्र पालघर के जव्हार तालुका में जमीन की सतह से लगभग पांच किलोमीटर नीचे था। भूकंप की कम तीव्रता के बावजूद लगातार दो झटके महसूस होने से स्थानीय लोगों में कुछ देर के लिए डर की स्थिति बनी रही।

अधिकारियों ने बताया कि जिले में किसी इमारत के क्षतिग्रस्त होने या किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन की टीमें स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तैयार रखी गई हैं।

पिछले महीने भी तीन बार महसूस हुए थे झटके

पालघर में भूकंप के झटके महसूस होना कोई नई घटना नहीं है। यह क्षेत्र पिछले कुछ वर्षों में कम तीव्रता वाले भूकंपों के लिए चर्चा में रहा है। पिछले महीने भी जिले में तीन अलग-अलग मौकों पर धरती कांपी थी।

पालघर मुंबई से करीब 100 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। लगातार भूकंपीय गतिविधियों को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर निगरानी बनाए रखते हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि भूकंप के झटकों के दौरान घबराएं नहीं और सुरक्षा से जुड़े जरूरी नियमों का पालन करें।

भूकंप आए तो सबसे पहले क्या करें?

भूकंप के दौरान घबराने के बजाय खुद को सुरक्षित रखना सबसे जरूरी है। झटके महसूस होते ही आसपास किसी मजबूत स्थान की तलाश करें और अनावश्यक रूप से इधर-उधर भागने से बचें। यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि शुरुआती झटकों के बाद आफ्टरशॉक्स आ सकते हैं।

घर के अंदर हैं तो अपनाएं ये सावधानियां

अगर आप घर के अंदर हैं तो जमीन पर झुककर किसी मजबूत टेबल या फर्नीचर के नीचे शरण लें और उसे मजबूती से पकड़कर रखें। यदि टेबल उपलब्ध नहीं है तो अपने सिर और चेहरे को हाथों से ढकते हुए कमरे के किसी सुरक्षित कोने में बैठ जाएं। खिड़कियों, शीशों, दरवाजों, भारी फर्नीचर और ऐसी वस्तुओं से दूरी बनाए रखें जो झटकों के दौरान गिर सकती हैं। भूकंप के दौरान लिफ्ट का इस्तेमाल करने से भी बचना चाहिए।

बाहर मौजूद हैं तो कहां रहें?

यदि भूकंप के समय आप बाहर हैं तो वहीं रुककर खुद को सुरक्षित करें। इमारतों, पेड़ों, स्ट्रीट लाइट, बिजली के खंभों और तारों से दूर रहें। खुले स्थान में रहना अपेक्षाकृत सुरक्षित हो सकता है। इमारत के प्रवेश द्वार या बाहरी दीवारों के बिल्कुल पास खड़े होने से बचें।

वाहन में हों तो क्या करें?

अगर आप गाड़ी में हैं तो सुरक्षित तरीके से वाहन रोककर उसके अंदर ही रहें। वाहन को इमारतों, पेड़ों, ओवरपास और बिजली के तारों से दूर रोकें। झटके रुकने के बाद ही आगे बढ़ें और क्षतिग्रस्त सड़क, पुल या रैंप का इस्तेमाल करने से बचें।

Uddhav Thackeray Attack: ‘युवाओं के लिए वक्त नहीं, गद्दारों से मिल रहे