Maharashtra Earthquake: महाराष्ट्र के नासिक जिले में रविवार, 9 अगस्त की सुबह एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, सुबह करीब 5 बजकर 33 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.3 मापी गई। झटके हल्के होने के कारण फिलहाल किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, लगातार भूकंप के झटकों से नासिक और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। सुबह के समय अचानक धरती हिलने से कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
Maharashtra Politics: सुनेत्रा पवार को ‘गूंगी गुड़िया’ कहने पर सियासी बवाल,
एक दिन पहले भी आया था तेज झटका
आपको बता दें कि, नासिक में रविवार से पहले शनिवार रात को भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। शनिवार रात करीब 10 बजे आए भूकंप की तीव्रता 4.3 मैग्नीट्यूड बताई गई थी। उस दौरान कई इलाकों में घरों और दुकानों में कंपन महसूस हुआ। कुछ स्थानों पर दरवाजे और छतें तक हिलने लगीं, जिसके बाद लोगों में घबराहट फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार को आए भूकंप का केंद्र महाराष्ट्र और गुजरात की सीमा के आसपास जमीन से करीब 5 किलोमीटर नीचे था। तेज झटकों के बाद कुछ क्षेत्रों में मकानों और दुकानों की दीवारों में दरारें आने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, अभी तक किसी बड़े नुकसान या जानमाल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
ग्रामीण इलाकों से शहर तक महसूस हुई कंपन
भूकंप का असर नासिक जिले के कई ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में देखने को मिला। सुरगाणा, डिंडोरी, सप्तश्रृंगी गढ़ और पेठ जैसे इलाकों में लोगों ने झटके महसूस किए। नासिक शहर के कई हिस्सों में भी धरती के हिलने की खबर सामने आई। पंचवटी क्षेत्र में कुछ लोगों ने लिफ्ट के भीतर भी कंपन महसूस होने की बात बताई। अचानक आए झटकों के कारण लोग घबरा गए और सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए।
प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने को कहा
लगातार भूकंप की घटनाओं को देखते हुए नासिक जिला प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। नासिक के कलेक्टर आयुष प्रसाद ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन की टीमें संभावित नुकसान की जानकारी जुटा रही हैं और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
भूकंप के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि भूकंप के झटके महसूस होने पर घर के अंदर मौजूद लोग खिड़कियों, शीशों, अलमारी और भारी सामान से दूरी बनाए रखें। संभव हो तो किसी मजबूत मेज या फर्नीचर के नीचे सुरक्षित स्थान लें। झटके आने के दौरान लिफ्ट का इस्तेमाल करने से बचें और घबराकर इमारत से बाहर निकलने की कोशिश न करें। कंपन रुकने के बाद ही सुरक्षित तरीके से खुले स्थान पर जाएं। बिजली के तारों, पेड़ों और कमजोर या क्षतिग्रस्त इमारतों से दूरी बनाए रखना भी जरूरी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी को ही सही मानें।
Maharashtra Rain Alert: महाराष्ट्र में मानसून का रौद्र रूप, कई जिलों में बाढ़ जैसे










