Lucknow Protest: यूपी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, लखनऊ में गूंजी ईरान के समर्थन में आवाज

लखनऊ के बड़ा इमामबाड़ा में जुम्मे की नमाज़ के बाद शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद के नेतृत्व में अमेरिका के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुआ। उन्होंने ईरान-अमेरिका संघर्ष पर भारत सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कड़ा रुख अपनाने की मांग की। वहीं, प्रदेश भर में 'अलविदा जुम्मा' पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे।

lucknow

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मार्च 13, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

Lucknow Protest: शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित बड़ा इमामबाड़ा में भारी विरोध प्रदर्शन देखा गया। जुम्मे की नमाज के बाद बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए, जहां ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई।

शिया धर्मगुरु ने की अमेरिकी कार्रवाई की निंदा

बताते चले कि, विरोध प्रदर्शन की कमान संभालते हुए प्रमुख शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद नकवी ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में अमेरिका की भूमिका पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि ईरान वर्तमान में कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा है और अमेरिका द्वारा आम नागरिकों को निशाना बनाना निंदनीय है। मौलाना ने इस बात पर निराशा जताई कि भारत सरकार इस मुद्दे पर खामोश है। उन्होंने आगाह किया कि यदि अमेरिका की आक्रामकता नहीं रुकी, तो विश्व स्तर पर अमेरिका और इजरायल का बहिष्कार किया जाना चाहिए।

भारत-ईरान संबंधों पर कल्बे जव्वाद के तीखे सवाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन के बीच हाल ही में हुई चर्चा पर टिप्पणी करते हुए धर्मगुरु ने इसे ‘देर से उठाया गया कदम’ बताया। उन्होंने तर्क दिया कि जब स्थिति बेकाबू होने लगती है, तब संवाद का महत्व कम हो जाता है। उनके अनुसार, भारत को ईरान के प्रति अधिक सहानुभूतिपूर्ण और मजबूत कूटनीतिक रुख अपनाना चाहिए था, विशेषकर तब जब ईरान ने भारत के तेल जहाजों को सुरक्षित मार्ग प्रदान कर अपनी मित्रता सिद्ध की है।

यूपी में पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था

लखनऊ के प्रदर्शन के बीच, पूरे उत्तर प्रदेश में ‘अलविदा जुम्मे’ (रमज़ान का अंतिम शुक्रवार) को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। संभल से लेकर कानपुर तक, संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल और पीएसी (PAC) की कंपनियां तैनात की गईं। सुरक्षा अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

संभल में पुलिस का फ्लैग मार्च

संभल के एएसपी (उत्तर) कुलदीप सिंह ने जानकारी दी कि शाही जामा मस्जिद सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर सिविल पुलिस के साथ अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। कानून-व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए आसमान से ड्रोन कैमरों के जरिए भीड़ पर नज़र रखी जा रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट डालने का दोषी पाया गया, तो उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कानपुर और पटना में नमाज के दौरान सुरक्षा घेरा

कानपुर में पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के निर्देशन में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए। शहर के मुख्य चौराहों और मस्जिदों के बाहर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की गई। वहीं, बिहार की राजधानी पटना में भी रमज़ान के आखिरी जुम्मे पर श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से नमाज़ अदा की। प्रशासन की मुस्तैदी के कारण लगभग सभी स्थानों पर प्रार्थना और प्रदर्शन बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हुए।

2