Lalu Yadav 79th Birthday: लालू यादव के 79वें जन्मदिन पर पटना में भारी जश्न, ढोल-नगाड़ों और गुलाब के साथ आधी रात को कटा केक

राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के 79वें जन्मदिन पर पटना स्थित राबड़ी आवास पर आधी रात से ही जश्न का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने बैंड-बाजे और केक के साथ उनका जन्मदिन मनाया। इस खास मौके पर जेडीयू प्रवक्ता राजीव रंजन और उनके बेटे तेज प्रताप यादव ने भावुक संदेश भेजकर उन्हें बधाई दी।

Lalu Yadav 79th Birthday

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जून 11, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

Lalu Yadav 79th Birthday: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के मुखिया और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव 11 जून को अपना 79वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर देश भर के राजनेताओं, समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से उन्हें बधाइयां मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। पटना स्थित राबड़ी आवास पर उत्सव का माहौल है, जहां कार्यकर्ताओं ने आधी रात से ही जुटना शुरू कर दिया था। ढोल-नगाड़ों, गुलदस्तों और विशाल केक के साथ राजद सुप्रीमो के जन्मदिवस को एक महापर्व की तरह मनाया जा रहा है।

राबड़ी आवास के बाहर उमड़ा समर्थकों का सैलाब

बताते चले कि, राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए 11 जून का दिन किसी बड़े उत्सव से कम नहीं है। लालू प्रसाद यादव के 79वें जन्मदिन की पूर्व संध्या से ही भारी संख्या में लोग गुलाब के फूल और गुलदस्ते लेकर उनके पटना स्थित निवास स्थान के बाहर एकत्रित होने लगे थे।

“लालू प्रसाद यादव हमारे अभिभावक हैं। उन्होंने समाज के सबसे पिछड़े, शोषित और गरीब तबके को आवाज दी है, उन्हें अपने हक और अधिकारों के लिए लड़ना सिखाया है। हमारी ईश्वर से यही प्रार्थना है कि हमारी उम्र भी उन्हें लग जाए ताकि वे सामाजिक न्याय की इस लड़ाई को आगे बढ़ा सकें।” – आरजेडी कार्यकर्ता

रात के ठीक 12 बजते ही बैंड-बाजे की धुन के बीच केक काटा गया और आतिशबाजी की गई। इस दौरान पूरा परिसर ‘गरीबों का मसीहा जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने लालू यादव के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना की।

RJD नेताओं की शुभकामनाएं

इस ऐतिहासिक अवसर पर बधाई देने के लिए राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल और कद्दावर राजद विधायक भाई वीरेंद्र भी सुबह-सुबह राबड़ी आवास पहुंचे। पार्टी के इन वरिष्ठ पदाधिकारियों ने लालू प्रसाद यादव के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और उन्हें गुलदस्ता भेंट किया।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि लालू जी केवल एक नेता नहीं, बल्कि सामाजिक क्रांति का नाम हैं। वे दीर्घायु हों और आने वाले समय में भी देश की सामाजिक और राजनीतिक लड़ाई में हमारा मार्गदर्शन करते रहें। वहीं, विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि आज सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में फैले उनके करोड़ों चाहने वाले इस दिन को मना रहे हैं। लालू जी की ताकत ही देश के गरीबों की ताकत है और हमारी पूरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं।

विरोधी खेमे से भी बधाई

लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन की गूंज सिर्फ उनके अपनों तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि राजनीतिक विरोधियों ने भी इस मौके पर अपनी प्रतिद्वंद्विता को भुलाकर दरियादिली दिखाई। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने भी राजद प्रमुख को उनके जन्मदिवस पर विशेष बधाई संदेश भेजा।

जेडीयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने अपने संदेश में कहा कि लालू प्रसाद यादव जी को जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करे। वे लंबी उम्र जिएं और समाज की सेवा के लिए अपनी राजनीतिक पार्टी को सही और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाते रहें, यही हम सबकी कामना है।

बेटे तेज प्रताप यादव का भावुक संदेश

पिता के 79वें जन्मदिवस के इस भावुक क्षण पर उनके बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक और दिल को छू लेने वाली पोस्ट साझा की। उन्होंने अपने पिता के साथ की कुछ तस्वीरें पोस्ट करते हुए उन्हें दुनिया का सबसे बेहतरीन पिता और मार्गदर्शक बताया।

तेज प्रताप यादव ने लिखा कि मैं स्वयं को बेहद सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे आपका पुत्र होने का गौरव प्राप्त हुआ। आपने मुझे न सिर्फ उंगली पकड़कर चलना सिखाया, बल्कि जीवन को ईमानदारी और मजबूती से जीने का सही तरीका भी सिखाया। उन्होंने आगे लिखा कि आप सिर्फ मेरे पिता नहीं हैं, बल्कि इस देश के एक महान जननेता, एक अद्वितीय इंसान और करोड़ों युवाओं की प्रेरणा हैं। अगर मेरी उम्र भी आपको लग जाए, तो मेरे जीवन की इससे बड़ी कोई कामयाबी नहीं होगी, क्योंकि आपका मुस्कुराता हुआ चेहरा ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है।

2