Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में बारिश होने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। अब शनिवार यानी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान भी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, लाल किले के आसपास स्वतंत्रता दिवस समारोह के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।
Weather Today: यूपी में मानसून का तगड़ा वार! वाराणसी से लखनऊ तक
लाल किले के आसपास बारिश का कितना अनुमान?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 15 अगस्त की सुबह लाल किला क्षेत्र में बादल छाए रहने की संभावना है। तड़के 4 बजे से सुबह 6 बजे के बीच करीब 5 मिलीमीटर तक बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान बारिश की संभावना लगभग 70 प्रतिशत बताई गई है।
वहीं, सुबह 6 बजे से 9 बजे के बीच भी बारिश होने के आसार हैं। इस अवधि में करीब 5 मिलीमीटर बारिश होने की 60 प्रतिशत संभावना जताई गई है। इसके बाद दोपहर से शाम के बीच भी कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। इस दौरान करीब 3 मिलीमीटर बारिश होने का अनुमान है और बारिश की संभावना लगभग 60 प्रतिशत बताई गई है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ के उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा 15 अगस्त के आसपास दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान है। मानसून ट्रफ के दिल्ली-एनसीआर समेत गंगा के मैदानी क्षेत्रों से गुजरने की संभावना के कारण राजधानी में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। सुबह के समय बारिश के बाद भी दिन में कुछ स्थानों पर मौसम करवट ले सकता है। यानी स्वतंत्रता दिवस पर राजधानी का मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद कम है।
तापमान में भी ज्यादा बढ़ोतरी नहीं
आईएमडी ने 15 अगस्त को लाल किले के आसपास न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया है। वहीं, दिन का अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। बादलों और बारिश के कारण तापमान सामान्य से कुछ राहत देने वाला रह सकता है।
शुक्रवार को कई इलाकों में हुई बारिश
शुक्रवार को दिल्ली के अलग-अलग मौसम केंद्रों पर बारिश दर्ज की गई। पालम में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि लोधी रोड में 30.4 डिग्री, रिज में 30.1 डिग्री और आयानगर में 30 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
शाम साढ़े पांच बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान सफदरजंग में 20.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। पालम में 12.6 मिलीमीटर, लोधी रोड में 6.4 मिलीमीटर और रिज में 26.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
न्यूनतम तापमान भी रहा सामान्य के करीब
सफदरजंग में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से महज 0.1 डिग्री अधिक था। पालम में न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री, लोधी रोड में 27.2 डिग्री, रिज में 23.4 डिग्री और आयानगर में 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कुल मिलाकर 15 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है, लेकिन स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बारिश की संभावना को देखते हुए खुले में होने वाले कार्यक्रमों के लिए मौसम पर नजर रखना जरूरी होगा।
Weather Today 13 August: 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 80 की










