Weather Today: यूपी में मानसून का तगड़ा वार! वाराणसी से लखनऊ तक बारिश, 28 जिलों में अलर्ट

यूपी में मानसून ने अचानक रफ्तार पकड़ ली है, वाराणसी से प्रयागराज और लखनऊ तक बारिश का अलर्ट है, लेकिन असली खतरा सिर्फ पानी नहीं बल्कि आंधी, गरज और बिजली गिरने का भी है—जानिए आज आपके शहर में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है।

वाराणसी से लखनऊ तक बारिश, 28 जिलों में अलर्ट

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

अगस्त 14, 2026

Weather Today: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। बीते दिन प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और चिपचिपाती गर्मी से राहत मिली। आगरा में सबसे ज्यादा 66 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के बाद कई शहरों में तापमान नीचे आया है और मौसम सुहाना हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब अवदाब में तब्दील हो चुका है। इसके अलावा हरियाणा के फिरोजपुर से लेकर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर और बहराइच होते हुए बिहार के डिहरी-ऑन-सोन तक मानसून की ट्रफ लाइन बनी हुई है। इसी मौसमी सिस्टम के कारण प्रदेश में बारिश का सिलसिला तेज होने की संभावना है।

Weather Alert : 14 राज्यों में भारी बारिश, 80 Kmph हवाओं का अलर्ट

17 अगस्त तक जारी रह सकता है बारिश का दौर

आईएमडी के अनुसार उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां 17 अगस्त तक बनी रह सकती हैं। इस दौरान कई जिलों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि लगातार बारिश के चलते अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। यानी आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

28 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

आज प्रदेश के 28 जिलों और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही और जौनपुर शामिल हैं। इसके अलावा लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, महोबा और ललितपुर में भी बारिश की संभावना जताई गई है। अगर आप इन जिलों में रहते हैं और आज बाहर निकलने की तैयारी कर रहे हैं, तो मौसम की ताजा स्थिति जरूर देख लें।

55 जिलों में आंधी और बिजली गिरने का खतरा

बारिश के साथ-साथ प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर और अयोध्या समेत कई जिलों में बिजली गिरने की आशंका है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भी मौसम खराब रहने की संभावना है।

घर से निकलने से पहले मौसम का हाल जानें

मौसम विभाग ने लोगों को बारिश और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर आंधी और बिजली गिरने की स्थिति में खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से बचना चाहिए। अगले कुछ दिन यूपी के लिए मानसून के लिहाज से काफी सक्रिय रहने वाले हैं।

Weather Today 11 August: दिल्ली-राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट, आंधी-तूफान की चेतावनी; IMD अपडेट