Khan Sir News: ‘जीजा’ टिप्पणी पर घिरे खान सर, BJP विधायक बोले- बिहार में बर्दाश्त नहीं होगा

बीजेपी विधायक नीरज कुमार बबलू ने खान सर के विवादित 'जीजा' वाले बयान की कड़ी निंदा करते हुए उन्हें 'फ्रॉड' और 'नौटंकीबाज' करार दिया है।

Khan Sir News

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

जुलाई 20, 2026

Khan Sir News: पटना के मशहूर और लोकप्रिय शिक्षक खान सर (Khan Sir) एक बार फिर अपने एक विवादित बयान के कारण सुर्खियों और बड़े राजनीतिक विवादों के घेरे में आ गए हैं। हाल ही में एक पॉडकास्ट इंटरव्यू के दौरान उनके द्वारा ‘जीजा’ शब्द के इस्तेमाल पर राज्यभर में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। इस विवादित टिप्पणी को लेकर अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। सोमवार, 20 जुलाई 2026 को मीडिया से बातचीत करते हुए बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक नीरज कुमार बबलू ने इस मामले पर बेहद तीखा बयान दिया है और खान सर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

CJP Protest Jantar Mantar: छात्र आंदोलन पर गरमाई सियासत, राहुल गांधी ने PM मोदी को घेरा

क्या था खान सर का विवादित बयान?

पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब एक पॉडकास्ट इंटरव्यू के दौरान खान सर से उनके असली नाम ‘फैसल खान’ को लेकर चल रहे पुराने विवाद और बहसों के बारे में सवाल पूछा गया। इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने विवादित लहजे में टिप्पणी करते हुए कहा था, “जो मुझे जीजा मानता है, वही मुझे फैजल खान कहता है।” उनके इस बयान के सामने आते ही सोशल मीडिया से लेकर शैक्षणिक और राजनीतिक हलकों में तीखी बहस छिड़ गई, जिसे लेकर विभिन्न वर्गों द्वारा उनकी आलोचना की जा रही है।

बीजेपी विधायक नीरज कुमार बबलू का तीखा हमला

खान सर के इस बयान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक नीरज कुमार बबलू ने बेहद आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने अपनी कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा, “सबसे पहले तो बाप उसका जीजा हो गया, उसकी मां भी जीजा बन जाएगी, बहन जीजा बन जाएगी; जिस तरह से उसने बयान दिया है, हम समझते हैं कि उसको बिहार में घुसने नहीं देना चाहिए।”

नीरज बबलू यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि खान सर कोई असली शिक्षक नहीं हैं, बल्कि वे केवल नौटंकी करने वाले इंसान हैं जो बिहार के मासूम और मेहनती छात्रों को लगातार बरगलाने और गुमराह करने का काम करते हैं। उन्होंने छात्रों को भी सलाह दी कि ऐसे लोगों का पूर्ण रूप से बहिष्कार किया जाना चाहिए। भाजपा विधायक ने स्पष्ट शब्दों में मांग की कि इस तरह की अमर्यादित और भड़काऊ बयानबाजी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी से क कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में कोई इस तरह की भाषा का प्रयोग करने की हिम्मत न जुटा सके।

सांसद पप्पू यादव भी जता चुके हैं आपत्ति

इस पूरे विवाद में केवल सत्ता पक्ष के नेता ही नहीं, बल्कि अन्य राजनीतिक चेहरे भी अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। इससे पहले निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने भी खान सर के इस बयान को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। पप्पू यादव ने कहा था कि सार्वजनिक मंच पर इस तरह का बयान देना बिल्कुल भी शोभा नहीं देता है। उन्होंने खान सर और रौशन सर, दोनों का नाम लेते हुए कहा था कि ये लोग आपसी विवाद को और ज्यादा गहराते जा रहे हैं जो पूरी तरह से गलत है। पप्पू यादव का मानना था कि सार्वजनिक जीवन में काम करने वाले लोगों और शिक्षकों को ऐसी बयानबाजी से हमेशा बचना चाहिए।

बहरहाल, खान सर के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति और शैक्षणिक गलियारों में घमासान मच गया है। जहां एक तरफ राजनेता उनके खिलाफ कानूनी शिकंजा कसने और सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं, वहीं इस पूरे घटनाक्रम ने सोशल मीडिया पर भी एक बड़ी बहस को जन्म दे दिया है।

हर शाम दो घंटे प्रचार करें, बांकीपुर उपचुनाव पर CM सम्राट चौधरी की रणनीति