Chardham Yatra 2026: केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत, हेली सेवा का किराया रहेगा स्थिर

केदारनाथ जाने की तैयारी कर रहे श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत सामने आई है। चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में 15 सितंबर से हेली सेवा फिर शुरू होगी, लेकिन किराये में फिलहाल कोई बढ़ोतरी नहीं होगी। गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से उड़ान मिलेगी। टिकट बुकिंग से पहले जानिए पूरा किराया और जरूरी अपडेट।

केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

सितम्बर 8, 2026

Chardham Yatra 2026: चारधाम यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत के साथ केदारनाथ धाम जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए राहत की खबर सामने आई है। 15 सितंबर से केदारनाथ के लिए दोबारा शुरू होने वाली हेली सेवा के किराये में फिलहाल कोई बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। हेलिकॉप्टर से बाबा केदार के दर्शन करने जाने वाले यात्रियों को तय किराये पर ही यात्रा की सुविधा मिलेगी। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने दूसरे चरण की हेली सेवा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। इससे उन श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, जो कम समय में केदारनाथ धाम पहुंचने के लिए हवाई सेवा का विकल्प चुनते हैं।

Acharya Balkrishna: आचार्य बालकृष्ण के पक्ष में आया फैसला, डेढ़ दशक

तीन हेलीपैड से संचालित होगी सेवा

केदारनाथ हेली सेवा के लिए गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी हेलीपैड को प्रमुख केंद्र बनाया गया है। यूकाडा ने चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले इन तीनों स्थानों से केदारनाथ के लिए हेली सेवा संचालित करने के लिए नौ कंपनियों के साथ अनुबंध किया था। इन हेलीपैड से केदारनाथ आने-जाने के लिए अलग-अलग किराया निर्धारित किया गया है। इस साल कुछ रूट पर किराये में बदलाव देखने को मिला है, लेकिन दूसरे चरण में यात्रियों से इसके अलावा कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।

गुप्तकाशी से सबसे ज्यादा, सिरसी से सबसे कम किराया

निर्धारित किराये के मुताबिक गुप्तकाशी से केदारनाथ आने-जाने के लिए यात्रियों को 12,154 रुपये चुकाने होंगे। वहीं फाटा से केदारनाथ का राउंड ट्रिप किराया 9,680 रुपये तय किया गया है। सिरसी हेलीपैड से केदारनाथ आने-जाने का किराया सबसे कम 6,086 रुपये रखा गया है। पिछले साल की तुलना में गुप्तकाशी और फाटा रूट पर किराये में बढ़ोतरी हुई है। गुप्तकाशी से आने-जाने का किराया 290 रुपये बढ़ा है, जबकि फाटा रूट पर 838 रुपये की वृद्धि हुई है। दूसरी तरफ सिरसी से हेली सेवा का किराया पिछले वर्ष के मुकाबले 2,753 रुपये कम किया गया है।

7 सितंबर से शुरू होगी ऑनलाइन टिकट बुकिंग

यात्रियों की सुविधा के लिए हेली सेवा की टिकट बुकिंग ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी। 7 सितंबर से आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर टिकटों की बुकिंग शुरू होने की जानकारी दी गई है। इससे श्रद्धालु घर बैठे अपनी यात्रा के लिए टिकट बुक कर सकेंगे। यूकाडा के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि केदारनाथ के लिए हेली सेवा का दूसरा चरण 15 सितंबर से संचालित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल हेली सेवा के किराये में कोई और बढ़ोतरी नहीं की जाएगी।

तीर्थयात्रियों के लिए अहम सुविधा

केदारनाथ धाम की यात्रा में हेली सेवा का इस्तेमाल बड़ी संख्या में श्रद्धालु करते हैं। खासतौर पर बुजुर्ग, कम समय में दर्शन करने वाले यात्री और लंबी पैदल यात्रा से बचने की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह सेवा महत्वपूर्ण है।

दूसरे चरण में किराया स्थिर रखने के फैसले से यात्रियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। अब श्रद्धालु निर्धारित किराये के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बना सकेंगे और 7 सितंबर से ऑनलाइन टिकट बुकिंग के जरिए केदारनाथ हेली सेवा का लाभ उठा सकेंगे।

Uttarakhand Census 2027: उत्तराखंड में जनगणना की तैयारी तेज, 16