Kane Williamson Retires: न्यूजीलैंड क्रिकेट इतिहास के सबसे महान बल्लेबाजों में शुमार केन विलियमसन ने अचानक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 35 वर्षीय इस दिग्गज खिलाड़ी का यह फैसला खेल प्रेमियों के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है। विलियमसन ने तत्काल प्रभाव से खेल को अलविदा कह दिया है, जिसके साथ ही उनके 16 साल लंबे स्वर्णिम और गौरवशाली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सफर का अंत हो गया है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि उन्होंने यह कड़ा फैसला इंग्लैंड के खिलाफ जारी तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला के बीच में लिया है, जहां शुरुआती मुकाबले में कीवी टीम को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान का अचानक संन्यास
बताते चले कि, इंग्लैंड के खिलाफ चल रही मौजूदा टेस्ट सीरीज के बीच में आया केन विलियमसन का यह फैसला बेहद अप्रत्याशित है। इस बड़े ऐलान के बाद वह श्रृंखला के बाकी बचे मैचों में मैदान पर नजर नहीं आएंगे, और न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड जल्द ही उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल करेगा। अपने विदाई संदेश में विलियमसन ने बेहद भावुक होते हुए कहा, ‘मैं पिछले कुछ समय से इस बारे में लगातार विचार कर रहा था। पिछले कुछ दिनों में मुझे यह पूरी तरह साफ हो गया कि खेल से अलग होने का यही बिल्कुल सही वक्त है। मैंने हमेशा ब्लैककैप्स की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरने के लिए एक गहरा जज्बा महसूस किया है। मुझे गर्व है कि मैंने न्यूजीलैंड के लिए खेले हर मुकाबले में अपनी पूरी जान झोंकी। इससे कम योगदान के साथ टीम में बने रहना सही नहीं होता और मैं भाग्यशाली हूं कि अपनी शर्तों पर विदा ले रहा हूं।’
कीवी टीम के सर्वकालिक महान बल्लेबाज के आंकड़े
साल 2010 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की दुनिया में कदम रखने वाले केन विलियमसन आज न्यूजीलैंड क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल और महानतम बल्लेबाज के रूप में विदा हो रहे हैं। अपने 16 साल के शानदार करियर के दौरान उन्होंने कीवी टीम के लिए कुल 378 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। वह तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) को मिलाकर न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा 19,346 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, जिसमें 48 शानदार शतक और 103 अर्धशतक दर्ज हैं। इतना ही नहीं, टेस्ट क्रिकेट में भी वह 9,515 रनों और 33 बेहतरीन शतकों के साथ न्यूजीलैंड के अब तक के सबसे कामयाब बल्लेबाज बनकर इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गए हैं।
ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप विजेता कप्तान की विरासत
केन विलियमसन का योगदान सिर्फ एक बल्लेबाज के तौर पर नहीं, बल्कि एक बेहद चतुर और शांत कप्तान के रूप में भी हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने साल 2016 से 2024 के बीच कीवी टीम की कमान संभाली और टीम को बुलंदियों पर पहुंचाया। उनकी बेमिसाल कप्तानी में ही न्यूजीलैंड ने साल 2021 में भारतीय टीम को हराकर पहली आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की गदा अपने नाम की थी। इसके अलावा, उनकी जांबाज लीडरशिप में टीम 2019 के वनडे विश्व कप और 2021 के टी20 विश्व कप के फाइनल तक पहुंची थी। विलियमसन को साल 2019 के वनडे वर्ल्ड कप में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया था, और उसी साल उन्होंने ‘ICC टेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर’ का प्रतिष्ठित खिताब भी अपने नाम किया था।










