Kal Ka Mausam: देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। एक ओर उत्तर और मध्य भारत के कई राज्य भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं दूसरी ओर दक्षिण और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में मानसून सक्रिय होकर जमकर बारिश करा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में कई राज्यों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
Haryana News: बचपन की मेहनत लाई रंग, अव्यान कौशिक बना रिकॉर्ड होल्डर
दिल्ली-एनसीआर में अभी मानसून का इंतजार
मौसम विशेषज्ञ डॉ. नरेश कुमार के अनुसार राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में फिलहाल मानसून पहुंचने में समय लगेगा। वर्तमान में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी, तेज हवाएं और गरज-चमक की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
मानसून धीरे-धीरे बढ़ा रहा कदम
दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल धीमी गति से आगे बढ़ रहा है। इसकी उत्तरी सीमा महाराष्ट्र के हरनाई, सोलापुर, तेलंगाना के हैदराबाद, झारखंड की राजधानी रांची और बिहार के मुजफ्फरपुर तक पहुंच चुकी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार से पांच दिनों में मानसून तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के अन्य हिस्सों में भी आगे बढ़ सकता है।
उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में गर्मी का प्रकोप

उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बुधवार को तेज धूप और लू का असर बना रहेगा। हालांकि कुछ पश्चिमी जिलों में हल्की बारिश और आंधी की संभावना से थोड़ी राहत मिल सकती है। वहीं मध्य प्रदेश में भी कई क्षेत्रों में हीटवेव का असर जारी रहने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं और हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
राजस्थान में आंधी-तूफान का बड़ा अलर्ट
राजस्थान में गर्मी के साथ-साथ मौसम का रौद्र रूप भी देखने को मिल सकता है। पश्चिमी राजस्थान में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है, जो कुछ स्थानों पर 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। धूल भरी आंधी और तेज हवाओं को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।
बिहार और झारखंड में बारिश की संभावना
बिहार में मानसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। राज्य के कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं झारखंड में भी आंधी-तूफान और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने से तापमान में कमी आ सकती है।
महाराष्ट्र और ओडिशा में बदलेगा मौसम
महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में गर्मी का असर बना रहेगा, जबकि कोंकण और गोवा क्षेत्र में मानसून पूर्व बारिश होने की संभावना है। दूसरी तरफ ओडिशा में उमस भरी गर्मी के साथ तेज आंधी और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने कई जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
धान घोटाले की फाइल ठंडे बस्ते में? रडार पर आए 30 आरोपियों पर अब तक नहीं हुआ एक्शन
असम, मेघालय और केरल में भारी बारिश का अनुमान
पूर्वोत्तर भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। असम और मेघालय के कई इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं केरल में भी लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।










