Islamabad Mosque Blast: जुमे की नमाज और अचानक हुआ धमाका; इस्लामाबाद की मस्जिद में मची भारी चीख-पुकार

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद आज उस वक्त दहल उठी जब शहजाद टाउन के तरलाई इमामबाड़े में जुमे की नमाज अदा की जा रही थी। एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को मस्जिद के भीतर उड़ा लिया, जिससे हर तरफ तबाही मच गई। आखिर सुरक्षा में कहां हुई चूक और कौन है इस हमले का मास्टरमाइंड?

Islamabad Mosque Blast

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

फ़रवरी 6, 2026

Islamabad Mosque Blast: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जुमे की नमाज के दौरान एक मस्जिद में जोरदार बम धमाका हुआ। यह हमला उस समय हुआ, जब बड़ी संख्या में नमाजी मस्जिद के भीतर मौजूद थे। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के इलाके भी दहल उठे। इस घटना में कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि अनेक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

कसर-ए-खदीजतुल कुबरा मस्जिद को बनाया गया निशाना

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह विस्फोट कसर-ए-खदीजतुल कुबरा मस्जिद में हुआ है, जिसे इस्लामाबाद की प्रमुख और बड़ी मस्जिदों में गिना जाता है। जुमे की नमाज के कारण यहां आमतौर पर भारी भीड़ रहती है। इसी भीड़ को निशाना बनाकर हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है, जिससे हताहतों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

आत्मघाती हमले की आशंका

प्रारंभिक जांच में इस धमाके को आत्मघाती हमला बताया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि हमलावर ने खुद को नमाजियों के बीच विस्फोट से उड़ाया। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीमें सबूत जुटाने में लगी हुई हैं ताकि हमले के तरीके और जिम्मेदारों का पता लगाया जा सके।

मौके पर पहुंची पुलिस और सेना

धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना और रेस्क्यू टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया। पूरे इलाके को घेर लिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। सुरक्षा बल यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि इलाके में कोई दूसरा विस्फोटक मौजूद न हो।

वायरल वीडियो और दहशत का माहौल

घटना के बाद सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो फुटेज तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं। धमाके के बाद मस्जिद परिसर और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। लोग सहमे हुए हैं और प्रशासन से जल्द हालात काबू में करने की मांग कर रहे हैं।

इस्लामाबाद में इमरजेंसी घोषित

ब्लास्ट के बाद एहतियातन इस्लामाबाद में इमरजेंसी लागू कर दी गई है। अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है और अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ को तैनात किया गया है। शहर के कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जबकि प्रमुख मार्गों पर चेकिंग तेज कर दी गई है।

जांच शुरू, जिम्मेदारों की तलाश

पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों ने इस हमले की व्यापक जांच शुरू कर दी है। खुफिया एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमला किस संगठन ने किया और इसके पीछे क्या मकसद था। सरकार की ओर से कहा गया है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। इस हमले ने एक बार फिर पाकिस्तान में आतंकी खतरे को उजागर कर दिया है।