Iqra Hasan Controversy: उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक बार फिर विवादित बयान का मामला सामने आया है, जिसने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल मचा दी है। गौरी शंकर गौशाला के संचालक स्वामी राम विशाल दास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में स्वामी ने कैराना से सांसद इकरा हसन को लेकर बेहद आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणियां की हैं। उनके बयान को महिला सम्मान और सामाजिक मर्यादा के खिलाफ बताया जा रहा है।
हिंदू सम्मेलन के मंच से दिया गया बयान
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला 31 जनवरी को शामली में आयोजित एक हिंदू सम्मेलन से जुड़ा है। इसी कार्यक्रम के दौरान मंच से बोलते हुए स्वामी राम विशाल दास ने सांसद इकरा हसन के चुनाव प्रचार के वक्त दिए गए बयानों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इकरा हसन ने गुर्जर समुदाय से वोट मांगते समय खुद को उनकी “बेटी” और “गुर्जरी” बताया था। स्वामी ने इस बात को लेकर तंज कसते हुए सवाल उठाया कि क्या यह संबंध सिर्फ चुनाव और वोटों तक ही सीमित था।
वैवाहिक जीवन और धर्म पर की अमर्यादित टिप्पणी
वायरल वीडियो क्लिप में स्वामी राम विशाल दास यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि अगर इकरा हसन वास्तव में भाईचारे की भावना को निभाना चाहती हैं, तो उन्हें किसी गुर्जर युवक से विवाह कर लेना चाहिए। उन्होंने आगे दावा किया कि ऐसा करने से इकरा हसन को कथित तौर पर “फायदा” होगा और वे “तीन तलाक और हलाला जैसी कुप्रथाओं” से बच जाएंगी। उनके इस बयान को न केवल आपत्तिजनक बल्कि भड़काऊ भी माना जा रहा है।
गुर्जर समाज को लेकर भी किया दावा
स्वामी यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे यह भी कहा कि यदि इकरा हसन ऐसा करती हैं तो गुर्जर समाज उन्हें सिर-आंखों पर बिठाएगा। उन्होंने यहां तक कहा कि इसके बाद उन्हें भविष्य में वोट मांगने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। इस तरह के बयान को राजनीतिक लाभ के साथ महिला की निजी जिंदगी और आस्था से जोड़कर देखा जा रहा है, जिस पर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है।
अगर इकरा हसन सच में भाईचारा निभाना चाहती हैं, तो किसी हिंदू गुर्जर नौजवान से शादी करके मिसाल पेश करें।
इससे वे तीन तलाक और हलाला जैसी कुप्रथाओं से भी मुक्त रहेंगी।
— स्वामी राम विशाल दास 🔥pic.twitter.com/OE1LDVXdWQ— RAHUL KUMAR 🇮🇳 (@Kumarrahul9102) February 3, 2026
पहले भी हो चुकी है ऐसी विवादित टिप्पणी
यह पहला मौका नहीं है जब सांसद इकरा हसन को इस तरह की विवादित और निजी टिप्पणियों का सामना करना पड़ा हो। करीब छह महीने पहले करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेंद्र राणा ने भी इकरा हसन को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था। उस समय राणा ने एक वीडियो जारी कर उन्हें शादी का प्रस्ताव दिया था, जिस पर भारी बवाल मचा था और बाद में पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज की थी।
सोशल मीडिया पर नाराजगी, प्रतिक्रिया का इंतजार
स्वामी राम विशाल दास के ताजा बयान के बाद इलाके में नाराजगी और तनाव का माहौल देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग इस टिप्पणी की आलोचना कर रहे हैं और इसे महिला गरिमा के खिलाफ बता रहे हैं। हालांकि, इस पूरे मामले पर सांसद इकरा हसन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लोग अब प्रशासन और संबंधित संस्थाओं से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।










