India Belgium Trade: भारत-बेल्जियम अगले 5 साल में दोगुना करेंगे व्यापार, इन सेक्टर्स पर रहेगा बड़ा फोकस

India Belgium Trade: भारत और बेल्जियम ने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य तय किया है। लेकिन इस बड़े प्लान में सिर्फ डायमंड कारोबार ही नहीं, बल्कि रक्षा, क्लीन एनर्जी, क्रिटिकल मिनरल्स, सेमीकंडक्टर और टेक्नोलॉजी जैसे सेक्टर क्यों अहम हैं और इससे दोनों देशों को क्या फायदा होगा, जानिए।

India Belgium Trade

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

सितम्बर 3, 2026

India Belgium Trade: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि भारत और बेल्जियम ने अगले पांच वर्षों में आपसी व्यापार को दोगुना करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों के साथ-साथ रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, सेमीकंडक्टर और आधुनिक तकनीक के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी है। बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर के साथ द्विपक्षीय बैठक के बाद संयुक्त प्रेस बयान में पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देश अपने संबंधों को नई ऊंचाई देने के लिए ठोस कदम उठा रहे हैं।

भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते से बढ़ीं संभावनाएं

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस वर्ष की शुरुआत में भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुआ ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौता दोनों पक्षों के आर्थिक रिश्तों के लिए नए अवसर लेकर आया है। उन्होंने इसे दुनिया की दो बड़ी लोकतांत्रिक शक्तियों के बीच आर्थिक सहयोग को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। पीएम मोदी के मुताबिक, यह समझौता व्यापार, निवेश और वैश्विक स्तर पर साझा समृद्धि को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा सकता है।

निवेश और व्यापार बढ़ाने पर विशेष जोर

भारत और बेल्जियम ने आर्थिक अवसरों को वास्तविक परिणामों में बदलने के लिए कई नई पहलों पर सहमति जताई है। इनमें बेल्जियम की कंपनियों के लिए भारत में ‘इन्वेस्टमेंट फास्ट-ट्रैक मैकेनिज्म’ स्थापित करना प्रमुख है। दोनों देशों ने भारत-बेल्जियम बिजनेस फोरम को नियमित व्यवस्था बनाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा वित्तीय, फिनटेक और नियामकीय संस्थानों के बीच समन्वय बढ़ाया जाएगा, ताकि व्यापार और निवेश को गति मिल सके।

रक्षा क्षेत्र में सह-विकास और उत्पादन

पीएम मोदी ने कहा कि रक्षा और सुरक्षा सहयोग भारत-बेल्जियम संबंधों का महत्वपूर्ण स्तंभ है। दोनों देश सैन्य आदान-प्रदान और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बढ़ाने पर सहमत हुए हैं। सरकारों और रक्षा उद्योगों के बीच संभावित समझौते रक्षा उपकरणों के सह-विकास और सह-उत्पादन के नए अवसर पैदा कर सकते हैं। दोनों देशों की संबंधित एजेंसियों के बीच खुफिया जानकारी साझा करने और अपराध से मुकाबला करने में भी सहयोग मजबूत किया जाएगा।

स्वच्छ ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिजों पर साझेदारी

स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भी भारत और बेल्जियम ने सहयोग बढ़ाने का फैसला किया है। पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देश टिकाऊ ऊर्जा भविष्य और भरोसेमंद वैश्विक सप्लाई चेन बनाने को प्राथमिकता देते हैं। नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में हुए समझौते से सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही महत्वपूर्ण खनिजों की प्रोसेसिंग और रीसाइक्लिंग में साझेदारी बढ़ाने पर भी सहमति बनी है।

सेमीकंडक्टर और तकनीक में सहयोग

प्रधानमंत्री मोदी ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में दोनों देशों की क्षमताओं को एक-दूसरे का पूरक बताया। बेल्जियम की तकनीकी विशेषज्ञता और भारत की बड़े पैमाने पर उत्पादन तथा विकास क्षमता मिलकर नए अवसर पैदा कर सकती है। दोनों पक्ष बेल्जियम के प्रमुख शोध संस्थान आईएमईसी को भारत के उभरते सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम से जोड़ने की दिशा में काम करेंगे।

स्टार्टअप और शिक्षा क्षेत्र में बढ़ेगा सहयोग

दोनों देशों ने स्टार्टअप्स के बीच सहयोग बढ़ाने के साथ समुद्री क्षेत्र में क्षमता निर्माण को मजबूत करने पर भी सहमति जताई। विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों के बीच साझेदारी को आगे बढ़ाने की योजना है। इसके अलावा प्रतिभाओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए भारत और बेल्जियम जल्द ही ‘माइग्रेशन एंड मोबिलिटी पार्टनरशिप एग्रीमेंट’ पर हस्ताक्षर कर सकते हैं।

दो दशक बाद बेल्जियम पीएम की भारत यात्रा

बार्ट डी वेवर तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंचे हैं। फरवरी 2025 में बेल्जियम के प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। खास बात यह है कि करीब दो दशकों बाद बेल्जियम के किसी प्रधानमंत्री की भारत की आधिकारिक यात्रा हुई है। उनके साथ रक्षा और विदेश व्यापार मंत्री थियो फ्रैंकन समेत अधिकारियों, कारोबारी नेताओं और रक्षा उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है।

Read More :  Varanasi Floods: पीएम मोदी ने बाढ़ पर अधिकारियों से बात की, राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए