IND vs ZIM 1st T20I: भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए पहले टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान टीम को 7 विकेट से मात दी। हरारे में गुरुवार (23 जुलाई) को खेले गए इस मुकाबले में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। यह जीत श्रेयस अय्यर के लिए बतौर कप्तान खास रही, क्योंकि इससे पहले उनकी अगुवाई में भारतीय टीम को लगातार छह मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था। इस जीत के साथ अय्यर ने कप्तान के रूप में अपनी पहली जीत हासिल की।
NEET Paper Leak: नेहा सिंह राठौर का नया गाना रिलीज, तंज कसते हुए शिक्षा मंत्री से मांगा तीखा जवाब
जिम्बाब्वे की पारी 125 रन पर सिमटी
टॉस जीतकर भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। जिम्बाब्वे ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 125 रन बनाए। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और मेजबान बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। भारत की ओर से मयंक यादव और प्रिंस यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट अपने नाम किए। वहीं शिवम दुबे और रवि बिश्नोई को भी एक-एक सफलता मिली।
वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी ने बदला मैच
126 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम इंडिया ने 23 रन के स्कोर पर अभिषेक शर्मा का विकेट गंवा दिया। अभिषेक सिर्फ 8 गेंदों में 1 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से मुकाबले का रुख बदल दिया। उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। अपनी पारी में वैभव ने 4 चौके और 4 शानदार छक्के लगाए। वैभव ने ईशान किशन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 21 गेंदों में 45 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की, जिससे भारत मजबूत स्थिति में पहुंच गया।
ईशान किशन और अय्यर ने संभाली पारी
वैभव सूर्यवंशी के आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर क्रीज पर आए। इस दौरान ईशान किशन और अय्यर ने समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचाया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 31 गेंदों में 46 रनों की साझेदारी की। ईशान किशन ने अपनी पारी में 24 गेंदों का सामना करते हुए 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 35 रन बनाए। इसके बाद ईशान के आउट होने पर श्रेयस अय्यर ने जिम्मेदारी संभाली और टीम को जीत तक पहुंचाया।
अय्यर और तिलक ने दिलाई आसान जीत
भारत को जीत के लिए ज्यादा संघर्ष नहीं करना पड़ा। कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 28 रनों की पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने नाबाद 6 रन बनाए। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 11 गेंदों में 12 रनों की साझेदारी कर भारत को 13.2 ओवर में ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
Commonwealth Games 2026: आज से कॉमनवेल्थ गेम्स का आगाज, जानिए भारतीय खिलाड़ियों का पूरा शेड्यूल
युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन से बढ़ा आत्मविश्वास
पहले टी20 मुकाबले में भारतीय टीम की जीत में युवा खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा। जहां गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे को कम स्कोर पर रोकने में सफलता हासिल की, वहीं वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में मिली यह पहली जीत टीम इंडिया के लिए सीरीज की मजबूत शुरुआत साबित हुई।










