IMD Weather Warning : भारत के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अब राहत की खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने एक बार फिर अपनी रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून तेजी से आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कई हिस्सों की तरफ आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से आईएमडी ने उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हरियाणा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और मिजोरम समेत देश के 17 राज्यों में तूफानी आंधी और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं और कुछ संवेदनशील स्थानों पर ओलावृष्टि (ओले गिरने) की भी प्रबल आशंका जताई गई है।
पूर्वोत्तर में भारी बारिश और दक्षिण में लू
आईएमडी के मुताबिक, अगले 6-7 दिनों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके विपरीत, तेलंगाना और विदर्भ के कुछ इलाकों में अगले 2-3 दिनों तक भीषण लू (हिटवेव) का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज आंधी, आकाशीय बिजली गिरने और 60 से 80 किमी/घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की चेतावनी दी है। खराब मौसम के कारण मछुआरों और आम लोगों को 20 जून तक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के तटीय इलाकों में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।
नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 18 जून को उत्तर-पश्चिम भारत में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से 16 से 21 जून के दौरान देश के एक बड़े हिस्से जैसे बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना और मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना बनी हुई है।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज
देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार को हुई झमाझम बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में आज यानी 16 जून को धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है। दिल्ली में 18 जून तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हालांकि, 16 जून के बाद बारिश की संभावना थोड़ी कम है, लेकिन तेज आंधी का दौर लगातार जारी रहेगा।
उत्तर प्रदेश में गरज-चमक का अलर्ट
यूपी के मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा (गौतमबुद्ध नगर), हापुड़, बागपत, बुलंदशहर, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में आज मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी का अलर्ट जारी किया है। दूसरी तरफ लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली और लखीमपुर खीरी में आज मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। विभाग ने 17 जून को राज्य के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बौछारें पड़ने की बात कही है। वहीं, 18 जून को पूरे उत्तर प्रदेश में और 19 जून को मुख्य रूप से पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना जताई गई है।
विभिन्न राज्यों के प्रमुख शहरों के तापमान की स्थिति
आज देश के मुख्य शहरों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान कुछ इस प्रकार रहने का अनुमान है:
बिहार और राजस्थान में मौसम का हाल
बिहार में 16 जून से मानसून का असर उत्तर और पूर्वी हिस्सों में काफी बढ़ जाएगा। किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, सुपौल और भागलपुर में भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि दक्षिण-पश्चिम बिहार (बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद) में अभी कुछ दिन और गर्मी सताएगी। राजस्थान की बात करें तो पश्चिमी राजस्थान में आज 60-70 किमी/घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने और हवा के झोंके 80 किमी/घंटा तक पहुंचने की आशंका है। हालांकि, राज्य में 19 से 21 जून के बीच बारिश होने से राहत मिलने की उम्मीद है।
पहाड़ी राज्यों में आसमानी आफत
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज काफी बिगड़ा हुआ है। हिमाचल प्रदेश में 16 से 21 जून के दौरान अधिकांश इलाकों में बारिश का अलर्ट है, जहां 18-19 जून को 50 किमी/घंटा की हवाओं के साथ आंधी और बिजली गिरने का अनुमान है। उत्तराखंड में भी 21 जून तक बारिश का दौर जारी रहेगा और 19 जून को तेज हवाओं का येलो अलर्ट है। उधर, जम्मू-कश्मीर में 16-17 जून को हल्की और 18 से 21 जून के दौरान व्यापक रूप से भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आंधी-तूफान के साथ कुछ पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
Read More : ATF Export Duty Hike : सरकार ने अचानक बढ़ाई डीजल पर एक्सपोर्ट ड्यूटी, आपकी जेब पर क्या होगा असर?










