Triple Talaq News: मुनव्वर राना की बेटी हिबा राना का ससुरालियों पर गंभीर आरोप, बच्चों को बंधक बनाने का दावा

मशहूर शायर मुनव्वर राना की बेटी हिबा राना ने अपने पति और ससुर पर दहेज उत्पीड़न और 'तीन तलाक' का गंभीर आरोप लगाया है। लखनऊ के सआदतगंज थाने में दर्ज FIR के अनुसार, हिबा के साथ मारपीट की गई और उनके बच्चों को बंधक बना लिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच कर रही है।

Triple Talaq News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

फ़रवरी 4, 2026

Triple Talaq News: दिवंगत शायर मुनव्वर राना के परिवार से एक दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। उनकी बेटी हिबा राना ने अपने पति मोहम्मद साकिब और ससुर हसीब अहमद के खिलाफ लखनऊ के सआदतगंज थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है। हिबा का आरोप है कि उन्हें न केवल ‘तीन तलाक’ देकर घर से बाहर निकाला गया, बल्कि लंबे समय से दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक तौर पर प्रताड़ित भी किया जा रहा था। पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Ghaziabad Suicide: ऑनलाइन गेम की लत ने ली तीन नाबालिगों की जान, गाजियाबाद में मातम

वैवाहिक जीवन में दहेज की बढ़ती मांग

बताते चले कि, हिबा राना की शादी साल 2013 में मोहम्मद साकिब के साथ सुन्नी रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। पुलिस को दी गई शिकायत में हिबा ने बताया कि शादी के समय उनके पिता मुनव्वर राना ने अपनी क्षमता अनुसार हीरे-सोने के आभूषण और 10 लाख रुपये नकद उपहार स्वरूप दिए थे। हालांकि, विवाह के कुछ समय बाद ही साकिब की लालच बढ़ गई और उसने 20 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी। हिबा के अनुसार, मायके वालों ने शांति बनाए रखने के लिए वह मांग भी पूरी की, लेकिन ससुराल पक्ष की अवैध वसूली का सिलसिला थमा नहीं।

तीन तलाक की घटना और बच्चों को बंधक बनाने का आरोप

विवाद का चरम 9 अप्रैल 2025 को देखने को मिला, जब साकिब ने हिबा के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। घटना की गंभीरता को देखते हुए जब हिबा की बहन अर्शिया बीच-बचाव करने पहुंची, तो साकिब ने उनके साथ भी बदसलूकी की। इसी दौरान आरोपी पति ने ‘तीन तलाक’ बोलकर वैवाहिक संबंध खत्म करने का दावा किया और हिबा को धक्के मारकर घर से निकाल दिया। दिल दहला देने वाली बात यह है कि हिबा ने अपने पति पर दोनों बच्चों (एक बेटा और एक बेटी) को कमरे में बंद करने और उन्हें छीनने का भी संगीन आरोप लगाया है।

पुलिसिया कार्रवाई और हिबा राना की सुरक्षा की मांग

वर्तमान में हिबा राना गहरे मानसिक तनाव और डर के साये में हैं। उन्होंने सआदतगंज पुलिस को बताया कि पति और ससुर अब उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पुलिस ने धारा 498A (दहेज उत्पीड़न) और मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की कस्टडी और मारपीट के सबूतों के आधार पर आगे की गिरफ्तारी और कानूनी प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। हिबा ने प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है ताकि उनके बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके।

बेटियों के लिए करियर का अवसर! महिला सेना-पुलिस भर्ती रैली इस दिन, डिटेल्स देखें