Haryana News: हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज रात से राज्य में बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण गरज-चमक के साथ तेज आंधी चलने और कई इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर जैसे जिलों में देखने को मिल सकता है।
हालांकि दिन के समय तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे गर्मी का असर भी बना हुआ है। बीते शनिवार को सिरसा जिले में सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया, जिससे यह जिला सबसे गर्म रहा।
Haryana News: फरीदाबाद का छोटा लद्दाख बना सिरोही झील, वीकेंड पर उमड़ती भीड़
तापमान 35 डिग्री के पार
मौसम विभाग के अनुसार करनाल, यमुनानगर और पानीपत को छोड़कर राज्य के लगभग सभी जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। गुरुग्राम में तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 4.5 डिग्री अधिक है। इससे स्पष्ट है कि राज्य में एक ओर गर्मी का असर बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर आने वाले दिनों में मौसम बदलाव के कारण राहत मिलने की संभावना भी है।
14 मई तक बदलता रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में 14 मई तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है। 10 मई की रात से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव पहाड़ी क्षेत्रों की ओर बढ़ेगा, जबकि राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है। इन दोनों मौसमी सिस्टम के कारण हरियाणा के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
11 मई से 13 मई के बीच राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान बीच-बीच में तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और तेज हवाओं व बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहें। खासकर आंधी-तूफान के समय सतर्कता बरतना जरूरी है।










