Haryana News: हरियाणा HTET परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप, पेपर और OMR शीट को लेकर उठे सवाल

हरियाणा HTET परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों ने अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ा दी है। कहीं गलत OMR शीट मिली, कहीं बिना सील पेपर बांटे गए, तो कहीं सवालों में बड़ी गलतियां दिखीं। अब आंसर की जारी होने से पहले बोर्ड की परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

हरियाणा HTET परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

जुलाई 6, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

Haryana News: हरियाणा में रविवार को आयोजित हुई हरियाणा टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट यानी HTET परीक्षा एक बार फिर विवादों में आ गई है। परीक्षा के दौरान कई केंद्रों से गड़बड़ी और लापरवाही से जुड़ी गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि कहीं गलत OMR शीट बांटी गई, कहीं गलत प्रश्न पत्र दिए गए, तो कुछ जगहों पर बिना सील के पेपर मिलने की बात भी सामने आई। इन शिकायतों के बाद परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जनगणना-2027 से पहले हरियाणा में फील्ड अभ्यास शुरू, डिजिटल सिस्टम की होगी जांच

प्रश्न पत्र में गलतियों को लेकर नाराजगी

अभ्यर्थियों के मुताबिक, प्रश्न पत्र में भी कई तरह की त्रुटियां देखने को मिलीं। कुछ सवालों में बिना मुहावरा दिए उसका अर्थ पूछा गया था, जिससे परीक्षार्थियों को सवाल समझने में परेशानी हुई। वहीं गणित के सवालों में हिंदी और अंग्रेजी माध्यम में दिए गए अंकों में अंतर पाया गया। इससे अभ्यर्थियों में भ्रम की स्थिति बन गई।

इंग्लिश के पेपर में भी गंभीर चूक सामने आई। बताया जा रहा है कि कुछ सवाल ऐसे थे, जिनका जवाब देने के लिए जिस रेफरेंस पैराग्राफ की जरूरत थी, वह प्रश्न पत्र में मौजूद ही नहीं था। ऐसे में परीक्षार्थियों को सवाल हल करने में दिक्कत हुई और कई उम्मीदवारों ने इसे परीक्षा की पारदर्शिता से जोड़कर सवाल उठाए।

कैथल और रेवाड़ी में भी सामने आए मामले

कैथल में प्रश्न पत्र और OMR शीट के सीरियल नंबर अलग-अलग मिलने की शिकायत सामने आई। वहीं रेवाड़ी में बिना सील के प्रश्न पत्र बांटे जाने का आरोप लगा। कुछ परीक्षा केंद्रों पर तय संख्या से कम प्रश्न पत्र पहुंचने की भी बात कही गई। इसके अलावा कई अभ्यर्थियों को उनके निर्धारित विषय की जगह दूसरे विषय का प्रश्न पत्र दे दिया गया, जिसके बाद परीक्षा केंद्रों पर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई।

बताया जा रहा है कि इसी अफरा-तफरी के चलते एक परीक्षा केंद्र पर कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा का बहिष्कार भी कर दिया। अभ्यर्थियों का कहना है कि इतनी महत्वपूर्ण परीक्षा में इस तरह की गलतियां उनके भविष्य से खिलवाड़ हैं।

आज जारी होगी HTET की आंसर की

इन शिकायतों के बीच हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से आंसर की जारी करने की तैयारी है। बोर्ड चेयरमैन शंकर धूपर ने जानकारी दी कि सोमवार, 6 जुलाई को HTET परीक्षा की आंसर की जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि रविवार को HTET के दूसरे दिन लेवल 1 और लेवल 2 की परीक्षाएं आयोजित की गईं।

दो शिफ्ट में हुआ परीक्षा का आयोजन

रविवार को परीक्षा दो अलग-अलग सत्रों में कराई गई। सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक लेवल 2 यानी TGT की परीक्षा हुई, जिसमें सबसे अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया। इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक लेवल 1 यानी PRT की परीक्षा आयोजित की गई। दोनों सत्रों को मिलाकर 1 लाख 62 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। हालांकि बोर्ड की ओर से परीक्षा को शांतिपूर्ण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न बताया गया है, लेकिन अभ्यर्थियों की ओर से उठाए गए सवालों ने HTET परीक्षा की व्यवस्था और प्रश्न पत्र की गुणवत्ता पर नई बहस शुरू कर दी है।

पंजाब में बारिश का कहर! 3 जिले जलमग्न, पटियाला में 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश, 4 दिन का अलर्ट जारी

2