Florida Plane Accident : अमेरिका के फ्लोरिडा में एक दर्दनाक विमान हादसे ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। दक्षिण फ्लोरिडा के एक मोबाइल होम पार्क में करीब 20 लाख डॉलर कीमत का प्राइवेट जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान जमीन से टकराते ही जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते आग का विशाल गुबार आसमान में उठने लगा। हादसे की चपेट में आने से मोबाइल होम पार्क में मौजूद कम से कम एक घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
8 हजार फीट की ऊंचाई से अचानक नीचे गिरा विमान
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान में कुल नौ लोग सवार थे। विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। इसका गंतव्य बहामास का नॉर्थ एल्युथेरा एयरपोर्ट था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान ने अचानक दाईं ओर तेज मोड़ लिया। इसके बाद विमान लगभग 8 हजार फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे गिरने लगा। कुछ ही समय बाद स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब एक बजे फ्लोरिडा में मिलिट्री ट्रेल और 10वीं एवेन्यू नॉर्थ के पास विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
पेड़ और बिजली की तारों से टकराने के बाद हुआ धमाका
हादसे की शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि जमीन पर गिरने से पहले विमान एक पेड़ से टकराया था। इस टक्कर के कारण आसपास की बिजली की तारें भी टूट गईं। इसके बाद विमान सीधे जमीन से टकराया और भीषण आग लग गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि आसपास के इलाके में विमान का मलबा दूर-दूर तक फैल गया। मोबाइल होम पार्क में मौजूद एक घर को भारी नुकसान पहुंचा। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में आग की ऊंची लपटें, धुएं का गुबार और विमान के बिखरे हुए हिस्से दिखाई दिए। एक वीडियो में जमीन पर बड़ा गड्ढा और आग का विशाल गोला उठता नजर आया।
प्रशासन ने बंद की सड़कें, राहत और जांच का काम शुरू
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पाम बीच काउंटी फायर रेस्क्यू ने इसे ‘मास कैजुअल्टी इंसिडेंट’ यानी बड़े पैमाने पर जनहानि वाली घटना घोषित किया। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और आपातकालीन सेवाओं की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय ने मिलिट्री ट्रेल पर क्रेस्टहेवन बुलेवार्ड और 10वीं एवेन्यू नॉर्थ के आसपास सभी लेन बंद कर दीं। प्रशासन ने लोगों और वाहन चालकों से घटनास्थल से दूर रहने तथा वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की। अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। कुछ मीडिया रिपोर्टों में विमान के बोका रैटन से उड़ान भरने की बात कही गई, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
खराब मौसम के बीच कैसे हुआ इतना बड़ा विमान हादसा?
जिस समय यह दुर्घटना हुई, उस दौरान वेस्ट पाम बीच इलाके में मौसम सामान्य नहीं था। आसमान में बादल छाए हुए थे और बारिश के साथ बिजली चमकने की जानकारी भी सामने आई। मौसम संबंधी आंकड़ों के मुताबिक, पूर्व दिशा से लगभग 15 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। हवा के झोंके 25 मील प्रति घंटे तक पहुंच रहे थे। वहीं, उस समय दृश्यता करीब सात मील दर्ज की गई थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि खराब मौसम का विमान दुर्घटना से कोई सीधा संबंध था या नहीं। हादसे की असली वजह तकनीकी खराबी, मौसम या कोई अन्य कारण था, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।











