बिहार में नशामुक्ति अभियान तेज, युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की पहल

 पटना मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता आयोजित कार्यक्रम में नशामुक्त युवा अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि विकसित भारत तथा समृद्ध बिहार के लिए नशामुक्त युवा पीढ़ी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का जो संकल्प लिया है, उसे साकार करने में देश के युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। युवा स्वस्थ, अनुशासित और नशे से मुक्त रहेंगे, तभी वे अपनी पूरी क्षमता के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकेंगे। मुख्यमंत्री ने लोक भवन, पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र

Wrriten By :

Editor

Published On :

अगस्त 3, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

 पटना
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता आयोजित कार्यक्रम में नशामुक्त युवा अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि विकसित भारत तथा समृद्ध बिहार के लिए नशामुक्त युवा पीढ़ी अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का जो संकल्प लिया है, उसे साकार करने में देश के युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। युवा स्वस्थ, अनुशासित और नशे से मुक्त रहेंगे, तभी वे अपनी पूरी क्षमता के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने लोक भवन, पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुभारंभ किए गए 'नशा मुक्त युवा फार विकसित भारत संकल्प' अभियान के उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने कार्यक्रम संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्ति केवल सरकार या कानून के स्तर पर सफल नहीं हो सकती। सरकार कानून बना सकती है, लेकिन उसका प्रभावी अनुपालन और सामाजिक स्वीकार्यता जनता की सहभागिता से ही संभव है। इसलिए नशे के खिलाफ व्यापक जन-जागरण अभियान चलाने और विशेष रूप से युवाओं को इससे जोड़ने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने बिहार में नशामुक्ति की दिशा में किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में वर्ष 2016 में बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू की गई।

आज इसके सकारात्मक परिणाम समाज में दिखाई दे रहे हैं। शराबबंदी से विशेष रूप से महिलाओं और परिवारों को लाभ हुआ है। सामाजिक वातावरण में सकारात्मक बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि बिहार की धरती ने प्राचीन काल में भारत को उसका 'स्वर्ण युग' दिया है। ज्ञान, शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है। आज एक बार फिर बिहार के युवाओं को अपनी ऊर्जा और प्रतिभा के बल पर विकसित भारत और समृद्ध बिहार के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभानी है।

ब्रह्माकुमारीज के कार्यों की मुख्यमंत्री ने प्रशंसा
मुख्यमंत्री ने नशामुक्ति के क्षेत्र में ब्रह्माकुमारीज द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बिहार में भी संस्था के साथ समन्वय और सहभागिता को और मजबूत किया जाए।

उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज ने भारत सरकार के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर कर नशामुक्ति का अभियान शुरू कर रही है। हम चाहते है कि बिहार सरकार के साथ भी यह एमओयू हो और नशामुक्ति अभियान को गांव, शहर, विद्यालय, महाविद्यालय और युवाओं तक व्यापक स्तर पर पहुंचाया जाए।

नशे से दूर रहे युवा
मुख्यमंत्री ने शिक्षा के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को बेहतर शिक्षा और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना भी उन्हें नशे से दूर रखने का प्रभावी माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने 'नशा मुक्त युवा फार विकसित भारत' जैसी महत्वपूर्ण पहल के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में शुरू हुआ यह अभियान देश के करोड़ों युवाओं को नशे से दूर रहने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।

कार्यक्रम में माई भारत एवं ब्रह्माकुमारीज संस्था की ओर से मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न एवं हरित पौधा भेंट कर अभिनन्दन एवं स्वागत किया गया।

सभी उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों को माई भारत का कैप पहनाकर अभियान से जोड़ा गया। ब्रह्माकुमारीज बहन वर्णिका ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

इस अवसर पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह, ब्रह्माकुमारीज संस्था के सदस्यगण, एनसीसी कैडैट्स, एनएसएस के स्वयं सेवक, आपदा मित्र, युवा भारत के स्वयं सेवक एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।

2