Delhi Pollution: हफ्तों बाद साफ हुई दिल्ली की हवा, GRAP-III से मिला छुटकारा

हवा की गुणवत्ता सुधारने के बाद GRAP-III की पाबंदियां हटा दी गई हैं, लेकिन GRAP-I और GRAP-II लागू रहेंगे। आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर अन्य जगहों पर डीजल जनरेटर का उपयोग अभी भी प्रतिबंधित है।

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

जनवरी 25, 2026

Delhi Pollution: दिल्लीवासियों के लिए आज की सुबह लंबे समय बाद राहत भरी साबित हुई। कई हफ्तों तक ‘खराब’ और ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने के बाद राजधानी की हवा में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) सुधरकर 152 पर पहुंच गया है, जो ‘मॉडरेट’ श्रेणी में आता है। यह बदलाव न केवल पर्यावरण के लिहाज से सकारात्मक है, बल्कि आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी सुकून देने वाला है।

मॉडरेट श्रेणी की हवा का मतलब यह है कि फिलहाल दिल्ली की वायु गुणवत्ता ज्यादातर लोगों के लिए स्वीकार्य है। हालांकि, अस्थमा, फेफड़ों या दिल की बीमारी से पीड़ित लोगों को अभी भी लंबे समय तक खुले में रहने से बचने की सलाह दी जाती है, क्योंकि उन्हें हल्की सांस संबंधी दिक्कत हो सकती है।

Delhi Pollution: राजधानी में सांस लेना हुआ मुश्किल, AQI 343, GRAP-4 लागू

इलाका-वार AQI में दिखा बड़ा सुधार

Delhi Pollution
हफ्तों बाद साफ हुई दिल्ली की हवा

राजधानी के अधिकांश इलाकों में प्रदूषण के स्तर में साफ तौर पर गिरावट देखने को मिली है। द्वारका स्थित NSIT क्षेत्र में AQI 93 दर्ज किया गया, जो दिल्ली के सबसे साफ इलाकों में शामिल रहा। अलीपुर में AQI 138, बवाना में 145, मुंडका में 139 और नजफगढ़ में 113 रिकॉर्ड किया गया। अशोक विहार (166), आया नगर (156), नरेला (167), रोहिणी (153), नेहरू नगर (153), विवेक विहार (159) और जहांगीरपुरी (161) में भी हवा की गुणवत्ता पहले के मुकाबले बेहतर रही।

आईटीओ क्षेत्र में AQI 109 और लोधी रोड पर 145 दर्ज किया गया, जो राहत देने वाला संकेत है। हालांकि, चांदनी चौक में AQI 190 रहा, जबकि आनंद विहार अब भी 224 AQI के साथ प्रदूषण का हॉटस्पॉट बना हुआ है। यहां हवा की स्थिति अभी भी ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई है।

हटाया गया GRAP-III

हवा की गुणवत्ता में सुधार के बाद ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण यानी GRAP-III की पाबंदियां हटा ली गई हैं। इससे कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन GRAP-I और GRAP-II के नियम अब भी लागू रहेंगे। इन नियमों के तहत आवश्यक सेवाओं जैसे अस्पताल, मेट्रो और आपातकालीन सुविधाओं को छोड़कर अन्य स्थानों पर डीजल जनरेटर के इस्तेमाल पर रोक जारी रहेगी। इसके अलावा हीटिंग के लिए कोयले और लकड़ी के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। निर्माण स्थलों पर धूल उड़ाने वाली गतिविधियों पर भी सख्त निगरानी रखी जाएगी, ताकि प्रदूषण का स्तर दोबारा न बढ़े।

ठंड से मिली थोड़ी राहत

Delhi Pollution
हफ्तों बाद साफ हुई दिल्ली की हवा

प्रदूषण में सुधार के साथ-साथ मौसम ने भी दिल्लीवासियों को राहत दी है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना है, जिससे दिन के समय धूप खिली रहेगी और ठंड का असर कुछ कम महसूस होगा।

Delhi Pollution: दिल्ली-एनसीआर में हवा में सुधार, GRAP 4 पाबंदियां हटाईं गईं