
Uttarakhand News: उत्तराखंड में वीकेंड के दौरान देहरादून, मसूरी, ऋषिकेश और चकराता के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। 17 से 19 अक्टूबर 2026 तक प्रभावी इस व्यवस्था में यातायात के दबाव के अनुसार प्लान A, B और C के तहत वाहनों का संचालन किया जाएगा। इसका उद्देश्य सड़कों पर जाम की स्थिति को नियंत्रित करना और पर्यटकों की यात्रा को सुगम बनाना है।
Uttarakhand News: उत्तराखंड में बनेगी देश की पांचवीं साइंस सिटी, 173
बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों के लिए अलग रूट
पुलिस ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों के लिए प्रवेश और निकासी के वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, यातायात का दबाव बढ़ने पर रूट में बदलाव किया जाएगा। वाहन चालकों से अपील है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ट्रैफिक संबंधी अपडेट पर ध्यान दें और निर्धारित मार्गों का पालन करें।
ऋषिकेश और तपोवन के लिए प्लान A और B

सामान्य यातायात दबाव के दौरान हरिद्वार हाईवे से आने वाले वाहनों को सप्तऋषि, रायवाला, नेपाली फार्म, श्यामपुर चौकी, नटराज चौक, ढालवाला चौकी और भद्रकाली बाईपास से होते हुए तपोवन, ब्रह्मपुरी और शिवपुरी की ओर भेजा जाएगा। वहीं, हाईवे पर अत्यधिक दबाव होने की स्थिति में प्लान B लागू किया जाएगा। इसके तहत वाहनों को नेपाली फार्म से लालतप्पड़, भानियावाला, रानीपोखरी, नटराज चौक और ढालवाला के रास्ते तपोवन की ओर रवाना किया जाएगा। इससे मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
मसूरी जाने वालों के लिए बदलेगा रास्ता
दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से डाटकाली के रास्ते मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। सामान्य स्थिति में वाहन डाटकाली, आरटीओ चेकपोस्ट, ट्रांसपोर्टनगर, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, सेंट ज्यूड चौक, बल्लूपुर, कैंट, जोहड़ी तिराहा, पुरकुल और कुठालगेट होते हुए मसूरी पहुंचेंगे। यदि यातायात का दबाव बढ़ता है, तो वाहनों को लक्ष्मी धर्मकांटा, सेंट ज्यूड चौक, बल्लूपुर, कैंट, सर्किट हाउस तिराहा, किमाड़ी और हाथीपांव मार्ग से भेजा जाएगा। चकराता जाने वाले वाहन डाटकाली, ट्रांसपोर्टनगर, जीएमएस रोड, सेंट ज्यूड चौक, नया गांव, सिंघनीवाला, न्यू देहरादून, पांवटा फ्लाईओवर और लांघा रोड का इस्तेमाल करेंगे।
मसूरी में पार्किंग भरते ही रोके जाएंगे वाहन
मसूरी में पार्किंग की उपलब्धता पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। निर्धारित पार्किंग क्षमता का 90 प्रतिशत हिस्सा भरते ही वाहनों को किंक्रेग पर रोकने की व्यवस्था रहेगी। ऐसे में पर्यटकों को सलाह दी गई है कि वे बिना पार्किंग की जानकारी लिए आगे बढ़ने से बचें।
देहरादून के मॉल और वापसी के लिए भी डायवर्जन
राजपुर रोड पर यातायात का दबाव बढ़ने पर पैसिफिक मॉल की ओर जाने वाले वाहनों को इंदर बाबा मार्ग, कैनाल रोड और ग्रेट वैल्यू तिराहे से भेजा जाएगा। वहीं, सेंट्रियो मॉल की ओर से दिलाराम जाने वाले वाहनों को एनेक्सी तिराहे के बजाय सीएसडी तिराहे से बिंदाल की ओर निकाला जाएगा। मसूरी से लौटने वाले वाहनों के लिए कुठालगेट, पुराना राजपुर रोड, साईं मंदिर डायवर्जन, दिलाराम चौक, ईसी रोड, फव्वारा चौक और रिस्पना पुल होते हुए आईएसबीटी तथा आशारोड़ी की ओर जाने का मार्ग तय किया गया है।
नो-पार्किंग में वाहन खड़े किए तो होगी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों को क्रेन से हटाया जाएगा। एंबुलेंस, पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता मिलेगी। दूध, पेट्रोल और गैस सिलेंडर जैसी आवश्यक वस्तुएं ले जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से निकालने की व्यवस्था रहेगी। पर्यटकों को सलाह है कि वे ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखें।
Uttarakhand News: उत्तराखंड में CM धामी और अरविंद मेनन की मुलाकात,











