DA Hike 2026: श्रम और रोजगार मंत्रालय ने 2025 के लिए AICPI-IW इंडेक्स जारी कर दिया है। इसी इंडेक्स के आधार पर केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) तय की जाती है। हालिया आंकड़ों को देखते हुए संकेत मिल रहे हैं कि होली से पहले सरकारी कर्मचारियों की सैलरी में बढ़ोतरी हो सकती है।
मौजूदा और रिटायर्ड कर्मचारियों दोनों को फायदा
इस संभावित बढ़ोतरी का फायदा केवल वर्तमान केंद्रीय कर्मचारियों को ही नहीं, बल्कि रिटायर्ड पेंशनर्स को भी मिलने की उम्मीद है। अनुमान है कि जनवरी 2026 से DA और DR में 2-2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जा सकती है। अगर सरकार इस प्रस्ताव को मंजूरी देती है, तो लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
दिसंबर 2025 के आंकड़ों से मिला संकेत
दिसंबर 2025 का AICPI-IW डेटा सामने आने के बाद DA बढ़ोतरी की अटकलें तेज हो गई हैं। आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर 2025 में AICPI-IW इंडेक्स 148.2 दर्ज किया गया, जबकि इसका 12 महीने का औसत 145.54 रहा। इस आधार पर DA की गणना लगभग 60.33 प्रतिशत बनती है। फिलहाल कर्मचारियों को 58 प्रतिशत DA मिल रहा है, ऐसे में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी लगभग तय मानी जा रही है।
राउंड फिगर में हो सकता है DA का ऐलान
सरकार आमतौर पर महंगाई भत्ते की घोषणा राउंड फिगर में करती है। इसलिए संभावना जताई जा रही है कि DA को सीधे 60 प्रतिशत पर फिक्स किया जा सकता है। इससे पहले जून 2025 के AICPI-IW डेटा के आधार पर सरकार ने अक्टूबर 2025 में 3 प्रतिशत DA बढ़ाया था, जिससे DA 55 प्रतिशत से बढ़कर 58 प्रतिशत हो गया था।
7वें वेतन आयोग के बाद भी DA कैलकुलेशन जारी
हालांकि 7वें वेतन आयोग (7th Pay Commission) का कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो चुका है, लेकिन जब तक 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू नहीं होतीं, तब तक DA की गणना 7वें वेतन आयोग के बेसिक वेतन के आधार पर ही की जाती रहेगी। यही वजह है कि DA बढ़ोतरी अभी भी मौजूदा सिस्टम के तहत तय की जा रही है।
क्या है AICPI-IW इंडेक्स
AICPI-IW (ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स–इंडस्ट्रियल वर्कर्स) एक ऐसा सूचकांक है, जो रोजमर्रा की वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों में होने वाले बदलाव को दर्शाता है। इसे श्रम मंत्रालय हर महीने जारी करता है। केंद्र सरकार इस इंडेक्स के 12 महीने के औसत के आधार पर DA और DR की दर तय करती है।
होली से पहले आ सकता है ऐलान
केंद्र सरकार आमतौर पर जनवरी वाले DA की घोषणा मार्च महीने में करती है। इस बार भी उम्मीद है कि फरवरी के अंत या मार्च की शुरुआत में इसका ऐलान हो सकता है। चूंकि होली 4 मार्च को है, इसलिए त्योहार से पहले कर्मचारियों और पेंशनर्स को ‘गुड न्यूज’ मिलने की पूरी संभावना है।
सैलरी पर कितना पड़ेगा असर
अगर DA में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी होती है, तो इसका सीधा असर कर्मचारियों की सैलरी पर पड़ेगा।
20,000 रुपये बेसिक सैलरी वालों की सैलरी में 400 रुपये बढ़ेंगे।
30,000 रुपये बेसिक वालों को 600 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।
1 लाख रुपये बेसिक सैलरी पाने वालों की आमदनी में 2000 रुपये तक का इजाफा होगा।
कर्मचारियों की उम्मीदें बढ़ीं
महंगाई के दौर में DA बढ़ोतरी को राहत के तौर पर देखा जा रहा है। अब सभी की निगाहें सरकार के आधिकारिक ऐलान पर टिकी हैं, जो होली से पहले लाखों परिवारों के लिए खुशखबरी बन सकता है।










