CM Yogi Gorakhpur Visit: गुरु पूर्णिमा पर जनता के बीच पहुंचे CM योगी, 200 लोगों की सुनीं शिकायतें

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में करीब 200 लोगों की शिकायतें सुनीं। गंभीर बीमारियों के इलाज से लेकर जनसमस्याओं तक कई मामलों में अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। आखिर कौन-कौन से फैसले लिए गए और लोगों को क्या भरोसा मिला, जानिए पूरी रिपोर्ट।

गुरु पूर्णिमा पर जनता के बीच पहुंचे CM योगी

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

जुलाई 29, 2026

CM Yogi Gorakhpur Visit: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरु पूर्णिमा के धार्मिक कार्यक्रमों में व्यस्त रहने के बावजूद जनता दर्शन आयोजित कर आम लोगों से मुलाकात की। बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का निवारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Anti Paper Leak Bill: एंटी पेपर लीक बिल पर संसद में हंगामा, अखिलेश बनाम रिजिजू की जुबानी जंग

एक-एक व्यक्ति तक पहुंचकर सुनी समस्याएं

बताते चलें कि, गोरखपुर मंदिर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर जनता दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक व्यक्ति से मिलकर उनकी बातें सुनीं। उन्होंने लोगों से आवेदन पत्र लिए और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सभी फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई होगी और किसी भी पात्र व्यक्ति को न्याय से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

अधिकारियों को दिए संवेदनशीलता के साथ काम करने के निर्देश

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि नागरिकों की समस्याओं को केवल औपचारिकता के रूप में न लें, बल्कि पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ उनका समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द उचित कार्रवाई की जाए ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने यह भी कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे और शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखी जाए।

आर्थिक सहायता का भरोसा

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसे सभी जरूरतमंदों को आश्वस्त किया कि धन की कमी के कारण किसी भी मरीज का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों के उपचार का अनुमानित खर्च (इस्टीमेट) जल्द तैयार कर शासन को भेजा जाए। जैसे ही प्रक्रिया पूरी होगी, इलाज के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी ताकि मरीज समय पर चिकित्सा सुविधा प्राप्त कर सकें।

बच्चों से मिले मुख्यमंत्री, दिया स्नेह और आशीर्वाद

कार्यक्रम के दौरान कई महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी जनता दर्शन में पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की, उन्हें प्यार-दुलार दिया और चॉकलेट भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान बच्चों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।

Bhopal Farmers Protest: भोपाल में किसान आंदोलन तेज, दो मांगों को लेकर सरकार से आर-पार की लड़ाई

जनता की समस्याओं के समाधान पर सरकार का विशेष जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोहराया कि प्रदेश सरकार आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर किया जाए और किसी भी मामले में अनावश्यक देरी न हो।

गुरु पूर्णिमा जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक अवसर पर भी जनता के बीच पहुंचकर मुख्यमंत्री ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि सरकार जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। जनता दर्शन के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।