Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां समाजवादी पार्टी (सपा) की महिला मोर्चा सभा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल पर उनके ही घर में घुसकर जानलेवा हमला किया गया है। अमेठी में सपा विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर हुए हंगामे के बाद, उत्तर प्रदेश में यह दूसरी बड़ी घटना है जिसने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है। इस पूरी वारदात का एक बेहद खौफनाक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए महिला नेता के साथ बर्बरता की जा रही है।
रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज
गार्गी पटेल उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जलीलपुर चौकी के मढ़िया गांव की रहने वाली हैं। गुरुवार सुबह उनके आवास पर जो कुछ भी हुआ, उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर गार्गी पटेल के घर में जबरन दाखिल हुए। उन्होंने महिला नेता को बालों से पकड़कर जमीन पर बेरहमी से घसीटा। हमलावरों की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी, उन्होंने गार्गी पटेल को लात-घूसों से बुरी तरह पीटने के बाद कमरे में रखी एक भारी टेबल उठाकर उनके सिर पर दे मारी, जिससे वे लहूलुहान हो गईं।
जब घर में मौजूद एक अन्य महिला गार्गी पटेल को बचाने के लिए आगे आई, तो हमलावरों ने उस पर भी जानलेवा वार किया, जिसके बाद वह अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागने पर मजबूर हो गई।
15 साल पुराना कारोबारी रिश्ता और जमीन का वो विवाद
पीड़ित महिला नेता गार्गी पटेल ने अस्पताल से पुलिस को दी अपनी तहरीर में घटना की पूरी पृष्ठभूमि बताई है। गार्गी पटेल पिछले 15 वर्षों से वाराणसी के काशी विद्यापीठ ब्लॉक के पूर्व ज्येष्ठ उपप्रमुख और सूजाबाद निवासी ‘प्यारे मामा’ नामक व्यक्ति के साथ रियल एस्टेट यानी जमीन की खरीद-फरोख्त का कारोबार करती हैं।
गुरुवार सुबह इसी जमीन के कारोबार से जुड़े किसी मसले पर चर्चा करने के लिए प्यारे मामा गार्गी पटेल के घर आए हुए थे। इसके कुछ ही देर बाद प्यारे मामा के परिवार के सदस्य—उनकी पत्नी, बेटी और दोनों बेटे वहां आ धमके और गार्गी का दरवाजा जोर-जोर से पीटने लगे। जैसे ही दरवाजा खुला, इन सभी लोगों ने गार्गी पटेल पर सीधा हमला बोल दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए खुद प्यारे मामा को भी उनके परिवार ने धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और गार्गी पटेल की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी।
सपा नेताओं सहित 5 लोगों पर नामजद मुकदमा
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में गार्गी पटेल को एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गार्गी के भाई की शिकायत पर मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है।
क्षेत्राधिकारी (CO) अरुण कुमार सिंह का बयान
“यह मामला गंभीर मारपीट और घरेलू सीमा के उल्लंघन का है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर कुल 5 आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें सपा नेता सिद्धांत जायसवाल, उर्मिला देवी, अमित यादव, मनोज यादव और मोनी यादव शामिल हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।”
उधर, समाजवादी पार्टी के चंदौली जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने भी इस दुखद घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि यह मामला शुरुआती तौर पर किसी व्यावसायिक या जमीनी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पार्टी आलाकमान इस पूरे मामले की आंतरिक जानकारी जुटा रहा है और महिला पदाधिकारी के साथ हुई इस बर्बरता के खिलाफ दोषियों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
UP Crime News: जेवर में दर्दनाक वारदात, 14 वर्षीय गोपाल शर्मा की हत्या, गांव में गुस्सा फूटा










