Bigg Boss 20: घर में पहले ही दिन घमासान, मैरी कॉम का तलाक और काजी से छीना खास अधिकार

Bigg Boss 20 के घर में शुरुआत से ही रिश्तों और टकराव का खेल तेज हो गया है। मैरी कॉम ने अपनी निजी जिंदगी और तलाक पर बात की, जबकि कनिका मान ने मिली खास पावर का इस्तेमाल करते हुए काजी का ‘वरदान’ छीन लिया। इसके बाद घर में विवाद और कप्तानी की रेस और दिलचस्प हो गई।

घर में पहले ही दिन घमासान

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

सितम्बर 8, 2026

Bigg Boss 20: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ का 7 सितंबर का एपिसोड कई वजहों से चर्चा में रहा। घर में कंटेस्टेंट्स के बीच अभी शुरुआत ही हुई है, लेकिन रिश्तों और आपसी मतभेदों को लेकर तनाव साफ नजर आने लगा है। एक तरफ काजी और यंग के बीच तीखी बहस हुई, तो दूसरी ओर मैरी कॉम ने अपनी निजी जिंदगी और तलाक को लेकर खुलकर बात की। वहीं कनिका मान को मिली विशेष पावर ने भी घर के समीकरण बदल दिए।

माही विज ने संभाली किचन की कमान

सुबह होते ही माही विज ने किचन के काम बांटने शुरू कर दिए। उन्होंने ईशा रिखी को चाय बनाने की जिम्मेदारी दी और इसके बाद दूसरे सदस्यों को भी काम सौंपा। खास बात यह रही कि उस समय तक घर में कोई कप्तान नहीं चुना गया था, इसके बावजूद माही का इस तरह जिम्मेदारी लेना चर्चा का विषय बना। अरिश्फा खान को भी चाय बनाने को लेकर माही की टोका-टाकी पसंद नहीं आई। दोनों के बीच इस मुद्दे पर तनाव दिखाई दिया।

अमन गांधी ने लव गिल पर लगाए आरोप

अरिश्फा से बातचीत के दौरान अमन गांधी ने लव गिल को लेकर नाराजगी जाहिर की। अमन के मुताबिक उन्होंने लव से पानी मांगा, लेकिन पहले ‘प्लीज’ कहने को कहा गया। अमन ने यह भी दावा किया कि लव ने माही विज की तरफ देखकर उनसे इशारों में बात की। इस घटना के बाद अमन काफी नाराज नजर आए।

गुल्लू ने अमन की निजी जिंदगी पर किया कमेंट

गार्डन एरिया में एक्सरसाइज के दौरान गुल्लू ने अमन गांधी की निजी जिंदगी को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने अमन की शादी और बच्चों को लेकर मजाक किया। इस दौरान कनिका मान भी वहां मौजूद थीं। इसी बीच यंग ने भविष्यवाणी करते हुए कनिका और गुल्लू की जोड़ी बनने की संभावना जताई। माही विज ने कनिका से उनके रिलेशनशिप स्टेटस के बारे में पूछा, जिस पर कनिका ने बॉयफ्रेंड होने से इनकार किया।

कनिका मान ने काजी से छीना खास ‘वरदान’

घर में एंट्री करने वाली पहली कंटेस्टेंट होने के कारण कनिका मान को एक विशेष पावर मिली थी। इसके तहत वह अपनी पसंद के आधार पर किसी कंटेस्टेंट की एक पावर छीन सकती थीं। कनिका ने इस अधिकार का इस्तेमाल करते हुए काजी का ‘वरदान’ छीन लिया। उनका कहना था कि काजी दूसरों की बात नहीं सुनते और अपनी बात सामने वाले पर थोपने की कोशिश करते हैं। इस फैसले के बाद काजी कप्तानी की शुरुआती रेस से बाहर हो गए।

मैरी कॉम ने तलाक पर रखी अपनी बात

मैरी कॉम ने अपनी निजी जिंदगी पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि उनका और उनके पूर्व साथी का अलगाव शांतिपूर्ण तरीके से हुआ और दोनों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाने के बजाय अपने-अपने रास्ते अलग कर लिए। मैरी ने कहा कि अब दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में खुश हैं।

‘बच्चा’ कहने पर भड़कीं अरिश्फा

अरिश्फा खान ने खुद को ‘बच्चा’ कहे जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि वह बड़ी हो चुकी हैं और उन्हें इस तरह संबोधित करना उन्हें पसंद नहीं है। उन्होंने काजी और माही विज से भी कहा कि उनकी उम्र को लेकर उन्हें कमतर न समझा जाए। इसी विवाद ने आगे काजी और यंग के बीच बहस का रूप ले लिया। दोनों के बीच बातचीत इतनी गर्म हो गई कि एक-दूसरे की नकल करने और परिवार को लेकर टिप्पणियां करने तक बात पहुंच गई।

ईशा रिखी ने शादी से किया इनकार

ईशा रिखी ने अपनी शादी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने बताया कि कभी उन्हें शादी और बच्चे बेहद पसंद थे, लेकिन अब वह शादी नहीं करना चाहतीं। आम्रपाली दुबे ने भी रिश्तों में भरोसा टूटने के बाद दोबारा विश्वास करने की मुश्किलों पर अपनी राय रखी।

कैप्टेंसी टास्क में भी बढ़ा मुकाबला

एपिसोड के अंत में बिग बॉस ने घरवालों के लिए कैप्टेंसी टास्क रखा। कंटेस्टेंट्स को केक के पीस के रूप में अपनी जगह बनानी थी और संगीत के रुकने-बजने के हिसाब से टास्क आगे बढ़ना था। इस मुकाबले से माही विज, रिति तिवारी, कनिका मान, आम्रपाली दुबे, ईशा रिखी और अमन गांधी बाहर हो गए। हालांकि कप्तानी के तीन फाइनल दावेदार अभी तय नहीं हुए हैं और इसका फैसला अगले एपिसोड में होने की उम्मीद है।

न स्टार, न बड़ा बजट… फिर भी ‘हनुमान अंश’ का जलवा, नेत्रहीन सुनील लोधी की