Bhiwandi Building Collapse: भिवंडी हादसे में दर्दनाक मंजर, जर्जर इमारत के मलबे से निकले 9 शव

भिवंडी में जर्जर इमारत गिरने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। मलबे से शव निकालने का सिलसिला जारी है और NDRF की टीमें बचाव अभियान चला रही हैं। आखिर खतरनाक घोषित इमारत में लोग क्यों रह रहे थे और हादसा कैसे हुआ, जानिए पूरी जानकारी।

जर्जर इमारत के मलबे से निकले 9 शव

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

जुलाई 31, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

Bhiwandi Building Collapse: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी इलाके में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां एक जर्जर इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इमारत के गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई। अब तक इस दुर्घटना में 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कुछ अन्य लोगों की तलाश अभी भी जारी है। मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Kangana Ranaut News: ‘मैं छात्र नहीं, पत्रकार हूं’, कंगना के सवाल पर सौरव दास ने दिया जवाब

NDRF की टीम चला रही रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) की टीम लगातार मलबे को हटाकर फंसे हुए लोगों की तलाश कर रही है। बचाव अभियान में फायर ब्रिगेड, पुलिस, स्थानीय प्रशासन और अन्य एजेंसियां भी शामिल हैं। मौके पर एंबुलेंस और जेसीबी मशीनों की मदद से राहत कार्य चलाया जा रहा है। NDRF के अनुसार, अब तक मलबे से 9 शव निकाले जा चुके हैं, जबकि अभियान अभी जारी है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान NDRF के एक असिस्टेंट कमांडेंट के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

हादसे में मृतकों की हुई पहचान

भिवंडी इमारत हादसे में कुछ मृतकों की पहचान कर ली गई है। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में शमीम शेख (32), रंजीत सिंह (45), मिराज रसूल शेख (34), संतोष कुमार पांडे (42) और शमीम अंसारी (30) शामिल हैं। अन्य शवों की पहचान की प्रक्रिया पुलिस द्वारा पूरी की जा रही है। प्रशासन मृतकों के परिवारों को सूचना देने और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने में जुटा है।

रात करीब 11 बजे ढही कोहिनूर बिल्डिंग

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा गुरुवार रात करीब 11 बजे से 11:30 बजे के बीच हुआ। दुर्घटनाग्रस्त इमारत भिवंडी के नारपोली इलाके के गंगा राम वाड़ी स्थित बालाजी नगर में थी। कोहिनूर बिल्डिंग ग्राउंड प्लस चार मंजिला थी, जिसमें कुल 48 कमरे थे। हर मंजिल पर करीब 12 कमरे बने हुए थे। रात में अचानक इस इमारत के बी विंग का एक हिस्सा गिर गया, जिसके बाद देखते ही देखते बड़ा हादसा हो गया।

पहले ही खतरनाक घोषित थी इमारत

प्रशासन के अनुसार, इस इमारत को पहले ही खतरनाक घोषित किया जा चुका था। भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका ने इसे रहने के लिए असुरक्षित बताया था, इसके बावजूद कई परिवार इस इमारत में रह रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे से कुछ समय पहले शाम करीब 8 से 9 बजे के बीच इमारत से दरारें पड़ने और टूटने जैसी आवाजें सुनाई दी थीं। इसके बाद कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन अचानक इमारत गिरने से कई लोग मलबे में फंस गए।

CWG 2026 Day 8: कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को दोहरी खुशी, लवप्रीत ने सिल्वर और सीमा ने जीता ब्रॉन्ज

कई एजेंसियां बचाव अभियान में जुटीं

हादसे के बाद NDRF, भिवंडी फायर ब्रिगेड, पुलिस विभाग, स्थानीय प्रशासन और डॉग स्क्वॉड की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। बचाव दल लगातार मलबे की जांच कर रहा है ताकि किसी भी जीवित व्यक्ति तक जल्द पहुंचा जा सके।

2