Bengal Election 2026 : फाल्टा में EVM पर टेप का आरोप, अमित शाह ने सुवेंदु से की बात

क्या बंगाल में लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ हुआ? फाल्टा के पोलिंग बूथों पर EVM के भाजपा बटन पर टेप चिपकाने के सनसनीखेज आरोपों ने दिल्ली तक हड़कंप मचा दिया है। सुवेंदु अधिकारी और गृह मंत्री अमित शाह की इस इमरजेंसी कॉल के पीछे का असली सच और चुनाव आयोग का बड़ा फैसला जानें।

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

अप्रैल 29, 2026

Bengal Election 2026 :  पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा निर्वाचन क्षेत्र में भारी तनाव और अनियमितताओं की खबरें सामने आई हैं। फाल्टा विधानसभा के बूथ नंबर 177 पर ईवीएम (EVM) मशीन के साथ छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है। बीजेपी उम्मीदवार देबांशु पांडा ने दावा किया है कि मशीन पर बीजेपी के चुनाव चिह्न वाले बटन पर टेप लगा दिया गया था, ताकि मतदाता कमल के निशान पर वोट न दे सकें। जब देबांशु पांडा निर्वाचन क्षेत्र का जायजा लेने पहुँचे, तो उन्हें ईवीएम के निरीक्षण से रोका गया। चुनाव आयोग ने इस मामले पर स्पष्ट किया है कि यदि जांच में शिकायत सही पाई गई, तो इस बूथ पर दोबारा मतदान कराया जाएगा।

टीएमसी के गढ़ में सुरक्षाबलों का लाठीचार्ज और तनावपूर्ण माहौल

फाल्टा निर्वाचन क्षेत्र को टीएमसी नेता जहांगीर खान का गढ़ माना जाता है। यहाँ के बेलसिंघा स्थित बूथ संख्या 186 पर स्थिति उस समय अनियंत्रित हो गई जब मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में भारी भीड़ जमा हो गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए केंद्रीय सुरक्षाबलों (सेंट्रल फोर्स) के जवानों को लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है। हालांकि, भारी सुरक्षा तैनाती के बीच मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से जारी रखने की कोशिश की जा रही है।

सुवेंदु अधिकारी की सक्रियता और चुनाव आयोग का कड़ा संज्ञान

ईवीएम पर टेप लगाने की घटना पर विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी स्थिति पर पैनी नजर रख रही है और नियमों के मुताबिक जो भी आवश्यक कदम होंगे, वे उठाए जाएंगे। सुवेंदु ने बताया कि उन्होंने उम्मीदवार से बात की है और चुनाव आयोग ने भी इस शिकायत को गंभीरता से लिया है। सुवेंदु अधिकारी के अनुसार, उन्हें सुबह से ही केंद्रीय नेताओं के फोन आ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी सुबह 9 बजे उनसे संपर्क कर जमीनी हकीकत की जानकारी ली थी।

गृह मंत्री अमित शाह का हस्तक्षेप और सुवेंदु को विशेष निर्देश

जैसे-जैसे फाल्टा में विवाद बढ़ा, दिल्ली से भी हलचल तेज हो गई। सुवेंदु अधिकारी ने जानकारी दी कि गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें स्वयं फोन कर घटनाक्रम की जानकारी ली। सुवेंदु ने शाह को बताया कि ईवीएम के बटनों पर टेप लगाना टीएमसी की एक सोची-समझी ‘तकनीक’ है। उन्होंने अमित शाह को क्षेत्र में हुए लाठीचार्ज और धांधली के प्रयासों से अवगत कराया। अमित शाह ने सुवेंदु को निर्देश दिया कि वे मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) से बात करें और सुनिश्चित करें कि चुनाव की शुचिता बनी रहे। सुवेंदु ने कहा कि अभी केवल 35 प्रतिशत मतदान हुआ है और दिन ढलने तक अभी बहुत कुछ देखना बाकी है।

अमित मालवीय का प्रहार: डायमंड हार्बर मॉडलपर उठाए सवाल

बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने इस पूरी घटना को लेकर ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। मालवीय ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी खुलेआम उन अपराधियों का बचाव कर रही हैं, जिन पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने जहांगीर खान का जिक्र करते हुए कहा कि यह सब ‘डायमंड हार्बर मॉडल’ का हिस्सा है। मालवीय के अनुसार, जिस तरह अभिषेक बनर्जी ने अपनी सीट सुरक्षित करने के लिए धांधली का सहारा लिया था, वही पैटर्न अब फाल्टा में दोहराया जा रहा है। उन्होंने ईवीएम पर टेप लगाने को लोकतंत्र की हत्या करार दिया है।

Read More :  Haryana News: हरियाणा न्यायपालिका में बड़ा फेरबदल, 49 जजों के तबादले की लिस्ट जारी