Asha Bhosle Pakistan Controversy: सुरों की मलिका आशा भोसले के निधन के बाद बॉलीवुड से लेकर आम लोगों में भी शोक की लहर दौड़ पड़ी है। इसी बीच पाकिस्तान में मीडिया विवाद खड़ा हो गया। पाकिस्तान के एक प्रमुख चैनल जियो न्यूज ने उनके निधन से संबधित रिपोर्टिंग के दौरान उनके गानों और फिल्मों के कुछ अंश प्रसारित कर दिए। इसके बाद पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया नियामक प्राधिकरण PEMRA ने चैनल को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया।
PEMRA का कहना है कि यह प्रसारण देश में लागू भारतीय कंटेंट पर प्रतिबंध का उल्लंघन है। पाकिस्तान में सुप्रीम कोर्ट ऑफ पाकिस्तान के 2018 के आदेश के बाद भारतीय फिल्मों, गानों और अन्य सामग्री के प्रसारण पर रोक है। ऐसे में नियामक संस्था ने चैनल से जवाब मांगा कि उन्होंने इस नियम की अनदेखी क्यों की।
Asha Bhosle Funeral: राजकीय सम्मान के साथ आशा भोसले को अंतिम विदाई, भावुक हुए सेलेब्स
शहबाज सरकार और नियामक की सख्ती
आपको बता दें कि, इस पूरे कार्यक्रम के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सरकार पर सवाल उठे। PEMRA की कार्रवाई को सरकार की सख्ती के रूप में देखा जा रहा है, जहां भारतीय कंटेंट के प्रसारण को लेकर कड़े नियम लागू किए जा रहे हैं। हालांकि इस कदम पर मीडिया और सांस्कृतिक हलकों में बहस भी छिड़ गई है कि क्या कला और कलाकारों को राजनीतिक सीमाओं में बांधना उचित है या नहीं।
चैनल प्रबंधन का पक्ष
जियो न्यूज के प्रबंध निदेशक अजहर अब्बास ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब किसी महान कलाकार के निधन की खबर दी जाती है, तो उनके काम को याद करना और सम्मान देना एक सामान्य परंपरा है। उन्होंने कहा कि आशा भोसले जैसी महान गायिका के लिए उनके कालजयी गीतों को साझा करना स्वाभाविक था।
उनका मानना है कि इस तरह की रिपोर्टिंग का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि देना था, न कि किसी नियम का उल्लंघन करना। इसके बावजूद नियामक संस्था ने इसे नियमों के खिलाफ मानते हुए कार्रवाई की।
आशा भोसले का जीवन और योगदान

आशा भोसले भारतीय संगीत जगत की सबसे प्रतिष्ठित गायिकाओं में से एक थीं। वह महान गायिका लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं। उन्होंने महज 10 साल की उम्र में गायन शुरू किया और अपने लगभग 8 दशक लंबे करियर में 12,000 से अधिक गीत गाए। उनकी आवाज ने हिंदी सिनेमा के साथ-साथ कई भाषाओं के संगीत को भी समृद्ध किया। उनकी बहुमुखी प्रतिभा और अनोखे अंदाज ने उन्हें विश्वभर में पहचान दिलाई।
अंतिम विदाई में शामिल हुए दिग्गज

मुंबई के शिवाजी पार्क स्थित श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं, जिनमें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा पवार, फिल्म निर्देशक रमेश सिप्पी, अभिनेता आमिर खान और विक्की कौशल शामिल थे। उनके निधन से संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई और देश-विदेश से लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।









