E20 Issue: ‘लगे हाथों E20 भी निपटा दो’—केजरीवाल के बयान से सियासी हलचल तेज

आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने E20 ईंधन नीति का विरोध करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मुद्दे पर हस्तक्षेप की अपील की है।

E20 Issue

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

जुलाई 27, 2026

E20 Issue: पेपर लीक और नीट (NEET) परीक्षाओं में भारी अव्यवस्थाओं के गंभीर मुद्दों के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद, अब आम आदमी पार्टी (AAP) ने ‘E20’ ईंधन के मुद्दे पर सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस मुद्दे पर जनता से एकजुट होने की अपील की है।

Delhi Metro Update: CJP आंदोलन खत्म होते ही सभी स्टेशन खुले, यात्रियों को मिली बड़ी राहत

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद E20 पर फोकस

देशभर में युवाओं और छात्रों के भारी विरोध प्रदर्शन के बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। इस सफलता के बाद अब आम आदमी पार्टी ने पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण (E20) के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है। आप का तर्क है कि E20 ईंधन के इस्तेमाल से आम नागरिकों के वाहनों को भारी नुकसान पहुंच रहा है और गाड़ियों का माइलेज भी काफी कम हो गया है।

अरविंद केजरीवाल का प्रधानमंत्री मोदी को संदेश

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश जारी करते हुए अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधा अनुरोध किया है। उन्होंने कहा,

“देश के युवाओं ने एक होकर आवाज उठाई तो धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा। E20 पर भी हमें एक होकर आवाज उठानी पड़ेगी। धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा तो हो गया, मेरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से निवेदन है कि लगे हाथों E20 का भी समाधान कर दें। सबकी गाड़ियां खराब हो रही हैं, सबका माइलेज खराब हो रहा है।”

केजरीवाल का कहना है कि जब तक देश की जनता एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद नहीं करेगी, तब तक सरकार इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं देगी।

‘नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E20’ का आयोजन

E20 ईंधन से हो रही परेशानियों के खिलाफ जनता को एक मंच पर लाने के लिए आम आदमी पार्टी एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की है कि इस शनिवार को ‘नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E20’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश का कोई भी नागरिक जुड़ सकता है।

तारीख: 1 अगस्त, 2026

समय: सुबह 11:30 बजे

स्थान: कॉन्स्टिट्यूशन क्लब, नई दिल्ली

इस टाउनहॉल के माध्यम से वाहन चालकों और आम जनता को E20 से जुड़ी अपनी समस्याएं और विचार रखने का पूरा अवसर मिलेगा।

ऑनलाइन जुड़ने के लिए जारी हुआ व्हाट्सएप नंबर

जो लोग दिल्ली में या उसके आसपास रहते हैं, उन्हें कॉन्स्टीट्यूशन क्लब आकर इस टाउनहॉल में सीधे शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। वहीं, जो लोग दिल्ली से बाहर हैं या दूर हैं, वे घर बैठे भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बन सकते हैं।

इसके लिए आम आदमी पार्टी ने एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। आप संयोजक ने 8588833212 व्हाट्सएप नंबर साझा करते हुए जनता से अपील की है कि जो लोग ऑनलाइन जुड़ना चाहते हैं, वे इस नंबर पर मैसेज करें। कार्यक्रम से एक दिन पहले उन्हें ऑनलाइन जुड़ने का लिंक भेज दिया जाएगा, ताकि वे डिजिटल माध्यम से अपनी बात रख सकें।

Delhi Students Protest: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी CJP, आशुतोष रांका ने खोले अगले कदम के पत्ते