Ankit Baliyan Murder: हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के करीब पांच दिन बाद शामली पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड में शामिल होने के संदिग्ध दो आरोपियों सुमित और मोहित को मुठभेड़ के दौरान मार गिराया गया है। यह एनकाउंटर उत्तर प्रदेश के शामली जिले में सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में हुआ। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि दोनों संदिग्धों की तलाश लगातार की जा रही थी। उनकी गतिविधियों और संभावित ठिकानों पर नजर रखने के लिए पुलिस की कई टीमें सक्रिय थीं।
UP News : CM योगी और राम मंदिर को धमकी, यूपी 112 में मचा हड़कंप
परिवार से मिले डीएम और एसपी
अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर परिवार लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा था। इससे पहले शामली के डीएम आलोक यादव और एसपी एनपी सिंह ने बंतीखेड़ा गांव पहुंचकर अंकित के पिता सतवीर सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की थी।अधिकारियों ने परिवार को भरोसा दिलाया था कि मामले में जल्द कार्रवाई की जाएगी और दोषियों तक पहुंचने की कोशिश तेज कर दी गई है। इससे पहले परिवार ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताते हुए चार दिन का समय दिया था।
सुबह चार बजे बाइक पर दिखे दो संदिग्ध
शामली पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड के बाद जिले में रात से सुबह तक विशेष नाकेबंदी की गई थी। पुलिस की SWAT टीम, सर्विलांस यूनिट, थाना प्रभारियों, ASP और CO स्तर के अधिकारियों को संदिग्धों की तलाश में लगाया गया था। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, सुबह करीब चार बजे हिजाना थाना क्षेत्र में SHO वीरेंद्र कसाना पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान करनाल की तरफ से एक बाइक आती दिखाई दी, जिस पर दो लोग सवार थे।
पुलिस ने बाइक को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी गोली से बच गए, लेकिन उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचा। इसके बाद वायरलेस के जरिए जिलेभर में अलर्ट जारी कर दिया गया।
मन्ना मादरा पुल के पास फिर हुई फायरिंग
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध आगे बढ़ते हुए कैराना की ओर गए। मन्ना मादरा पुल के नीचे कोतवाली थाना प्रभारी धर्मेंद्र गौतम की टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि इस दौरान संदिग्धों ने दोबारा गोली चलाई, जिससे पुलिस वाहन के शीशे को नुकसान पहुंचा।
इसके बाद पुलिस टीमों ने संदिग्धों का पीछा किया। वायरलेस अलर्ट के कारण SWAT टीम, सर्विलांस टीम, SHO, CO सिटी, ASP और CO कैराना समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस और संदिग्धों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस ने दोनों आरोपियों को ढेर करने का दावा किया।
हत्याकांड की जांच हरियाणा तक पहुंची
अंकित बालियान हत्याकांड की जांच अब हरियाणा तक पहुंच चुकी है। पुलिस टीमों ने हिसार, रोहतक और करनाल में भी जांच की है। पुलिस को आशंका है कि हत्याकांड को अंजाम देने वाले शूटर्स का संबंध इन इलाकों से हो सकता है।
चार शूटर्स के शामिल होने का पुलिस का दावा
जांच में सामने आए CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस का दावा है कि अंकित बालियान की हत्या के लिए कुल चार बदमाश पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सभी ने अंकित पर फायरिंग की थी। फुटेज में दो संदिग्ध पीले रंग के गमछे में नजर आए थे। वारदात के बाद सभी आरोपी हरियाणा की दिशा में भागते दिखाई दिए थे। CCTV में एक आरोपी के भागते समय किसी व्यक्ति से फोन पर बातचीत करने की बात भी सामने आई है। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क और हत्याकांड के पीछे की वजह की जांच कर रही है।
UP News: अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान, सपा सरकार बनी तो 3 महीने में होगी










