Kanpur News: कानपुर के ‘नगाड़ा नाइट्स’ विवाद में अंजलि अरोड़ा को 1.20 करोड़ का लीगल नोटिस, 12 मिनट की परफॉर्मेंस पर बढ़ा विवाद

Kanpur News: कानपुर में हुए ‘नगाड़ा नाइट्स’ कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंजलि अरोड़ा और आयोजकों के बीच विवाद गहरा गया है। आयोजकों ने तय समय से कम परफॉर्मेंस देने का आरोप लगाते हुए 1.20 करोड़ रुपये का कानूनी नोटिस भेजा है। वहीं, अंजलि ने पहले ही अपनी नाराजगी की वजह सुरक्षा और निजी जीवन में दखल को बताया था। अंजलि अरोड़ा को 1.20 करोड़ का नोटिस कानपुर में 15 अक्टूबर को आयोजित ‘नगाड़ा नाइट्स’ कार्यक्रम अब विवादों में घिर गया है। आयोजकों का आरोप है कि अंजलि अरोड़ा को कार्यक्रम में 45 मिनट तक डांस परफॉर्मेंस देनी थी,

Kanpur News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अक्टूबर 23, 2026

Advertisements
728x90-Pension-Mission-Shakti-Digital

Kanpur News: कानपुर में हुए ‘नगाड़ा नाइट्स’ कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंजलि अरोड़ा और आयोजकों के बीच विवाद गहरा गया है। आयोजकों ने तय समय से कम परफॉर्मेंस देने का आरोप लगाते हुए 1.20 करोड़ रुपये का कानूनी नोटिस भेजा है। वहीं, अंजलि ने पहले ही अपनी नाराजगी की वजह सुरक्षा और निजी जीवन में दखल को बताया था।

अंजलि अरोड़ा को 1.20 करोड़ का नोटिस

कानपुर में 15 अक्टूबर को आयोजित ‘नगाड़ा नाइट्स’ कार्यक्रम अब विवादों में घिर गया है। आयोजकों का आरोप है कि अंजलि अरोड़ा को कार्यक्रम में 45 मिनट तक डांस परफॉर्मेंस देनी थी, लेकिन उन्होंने करीब 12 मिनट ही प्रस्तुति दी और फिर वहां से चली गईं। इसी मामले को लेकर आयोजकों ने उन्हें 1.20 करोड़ रुपये का कानूनी नोटिस भेजा है। आयोजकों ने स्वरूप नगर थाने में शिकायत देकर अंजलि के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग भी की है।

तीन लाख रुपये में तय हुई थी अंजलि की परफॉर्मेंस

आयोजकों की ओर से पैरवी कर रहे वकील करीम अहमद सिद्दीकी के मुताबिक, कार्यक्रम का आयोजन लाजपत भवन लॉन में किया गया था। इसे शोर बैंड के संचालक अमन निगम, डिजिटल मार्केटिंग कंपनी के संचालक आशीष कुमार और इवेंट प्लानर अनुभव राज ने मिलकर आयोजित किया था।

वकील का कहना है कि अंजलि की मैनेजर प्रीति दुबे से बातचीत के बाद परफॉर्मेंस के लिए तीन लाख रुपये तय हुए थे। आयोजकों के मुताबिक, उन्होंने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 2.75 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके अलावा अंजलि और उनकी टीम के चार सदस्यों के हवाई टिकट, होटल में ठहरने और खाने-पीने का खर्च भी उठाया गया था।

एयरपोर्ट पर बकाया भुगतान को लेकर भी विवाद का आरोप

आयोजकों का दावा है कि 15 अक्टूबर को शाम करीब चार बजे कानपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद अंजलि ने बकाया 75 हजार रुपये मिलने तक बाहर आने से इनकार कर दिया था। उनके मुताबिक, बाकी रकम का भुगतान होने के बाद ही अंजलि अपनी टीम के साथ एयरपोर्ट से बाहर निकलीं। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।

728x90-Pension-Mission-Shakti-Digital

देर से मंच पर पहुंची अंजलि, 12 मिनट में खत्म हुई प्रस्तुति

वकील के मुताबिक, अंजलि की परफॉर्मेंस रात नौ बजे से पौने दस बजे तक तय थी, लेकिन वह करीब 9:45 बजे मंच पर पहुंची। आयोजकों का आरोप है कि उन्होंने लगभग 12 मिनट तक डांस किया और फिर मैनेजमेंट टीम के साथ कहासुनी के बाद कार्यक्रम छोड़ दिया। आयोजकों का कहना है कि इस घटना से स्पॉन्सर नाराज हो गए और उन्होंने भुगतान की पूरी रकम रोक ली। इससे उन्हें करीब 20 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। उनका दावा है कि विवाद के कारण कारोबारी प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचा और उन्हें मानसिक परेशानी हुई।

इसी आधार पर कानूनी नोटिस में 20 लाख रुपये आर्थिक नुकसान और एक करोड़ रुपये कथित सामाजिक, व्यावसायिक और मानसिक क्षति के लिए मांगे गए हैं। आयोजकों ने अंजलि से कानपुर के लोगों से माफी मांगने की मांग भी की है।

‘कच्चा बादाम’ गाने पर नाराजगी का आरोप, अंजलि ने दी सफाई

आयोजक अमन निगम ने दावा किया कि कार्यक्रम में ‘कच्चा बादाम’ गाना बजने के बाद अंजलि नाराज हो गई थीं। उनके मुताबिक, गाने को लेकर आपत्ति जताने के बाद अंजलि ने आयोजन से जुड़े लोगों को भी खरी-खोटी सुनाई।

वहीं, अंजलि अरोड़ा ने 19 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर कहा था कि उन्हें ‘कच्चा बादाम’ गाने से कोई परेशानी नहीं है। इसी गाने से उन्हें बड़ी पहचान मिली थी। उन्होंने बताया कि उनकी नाराजगी सुरक्षा व्यवस्था और निजी जीवन में दखल को लेकर थी। अंजलि का आरोप था कि होटल के कमरे की घंटी बार-बार बजाई जा रही थी और कई लोग फोटो खिंचवाने के लिए वहां पहुंच रहे थे। उन्होंने साफ कहा था कि उनकी नाराजगी कानपुर की जनता से नहीं, बल्कि कुछ लोगों के व्यवहार से थी।

सुरक्षा व्यवस्था पर भी आमने-सामने आए दोनों पक्ष

अंजलि के आरोपों पर आयोजक आशीष गुप्ता ने पलटवार करते हुए सुरक्षा में लापरवाही के दावों को खारिज किया था। उनके मुताबिक, होटल में अंजलि की टीम के सदस्य और दो बाउंसर मौजूद थे। उनकी सुरक्षा के लिए यूपी की गोल्ड मेडलिस्ट महिला बाउंसर की भी व्यवस्था की गई थी। फिलहाल, इस विवाद में दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे हैं। आयोजकों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि एफआईआर दर्ज नहीं होने पर वे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत करेंगे। अब देखना होगा कि इस मामले में पुलिस क्या कदम उठाती है।