America Private Jet Crash: बैंगोर एयरपोर्ट पर रनवे पर पलटा प्राइवेट जेट, बर्फीले तूफान में कैसे बचा विमान?

बैंगोर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर खौफनाक मंजर: बर्फीले तूफान के बीच टेकऑफ कर रहा प्राइवेट जेट अचानक रनवे पर पलट गया। विमान में 8 लोग सवार थे, जिनके बचने की उम्मीदों पर सस्पेंस बरकरार है। क्या कम विजिबिलिटी बनी हादसे की वजह या विमान में थी तकनीकी खराबी? जानिए पूरी अनकही कहानी।

America Private Jet Crash

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

जनवरी 26, 2026

America Private Jet Crashes: अमेरिका के मेन (Maine) राज्य से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के अनुसार, बैंगोर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 8 लोगों को ले जा रहा एक प्राइवेट जेट उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा रविवार शाम करीब 7:45 बजे हुआ, जब बॉम्बार्डियर चैलेंजर 600 विमान रनवे से टेकऑफ की कोशिश कर रहा था। हादसे के तुरंत बाद हवाई अड्डे पर अफरा-तफरी मच गई और राहत कार्य शुरू कर दिया गया। फिलहाल विमान में सवार यात्रियों और चालक दल की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है, लेकिन इस घटना ने विमानन सुरक्षा पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

भीषण बर्फीला तूफान बना काल: खराब मौसम में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

विमान दुर्घटना के समय पूरा क्षेत्र भीषण बर्फीले तूफान की चपेट में था। बैंगोर और उसके आसपास के इलाकों में लगातार हो रही भारी बर्फबारी और कम विजिबिलिटी को हादसे का प्राथमिक कारण माना जा रहा है। नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) और FAA ने संयुक्त रूप से मामले की जांच शुरू कर दी है। बैंगोर एयरपोर्ट, जो फ्लोरिडा, वॉशिंगटन और नॉर्थ कैरोलिना जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ता है, वहां बर्फ की मोटी चादर बिछी हुई है। बोस्टन से 200 मील उत्तर में स्थित इस हवाई अड्डे पर बचाव कर्मियों को हाड़ कंपाने वाली ठंड और बर्फीली हवाओं के बीच काम करना पड़ रहा है।

बॉम्बार्डियर चैलेंजर 600: आधुनिक सुविधाओं वाला बिजनेस जेट हुआ दुर्घटनाग्रस्त

जिस विमान के साथ यह हादसा हुआ, वह बॉम्बार्डियर चैलेंजर 600 है। यह एक ‘वाइड-बॉडी’ बिजनेस जेट है, जिसे लग्जरी और आरामदायक यात्रा के लिए जाना जाता है। 1980 में लॉन्च किया गया यह विमान दुनिया का पहला ऐसा प्राइवेट जेट था जिसमें ‘वॉक-अबाउट केबिन’ की सुविधा दी गई थी। आमतौर पर इसमें 9 से 11 यात्रियों के बैठने की क्षमता होती है। अपनी मजबूती और लंबी दूरी की क्षमताओं के कारण यह चार्टर उड़ानों के लिए दुनिया भर में एक लोकप्रिय विकल्प बना हुआ है, लेकिन रविवार की शाम इसके लिए काली साबित हुई।

पूरे अमेरिका में कुदरत का कहर: बिजली गुल और यातायात ठप

सिर्फ विमान हादसा ही नहीं, बल्कि पूरा अमेरिका इस समय कुदरत के दोहरे वार से जूझ रहा है। देश के आधे से ज्यादा हिस्से में ओलावृष्टि, जमा देने वाली बारिश और भारी बर्फबारी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। दक्षिण-पूर्वी राज्यों में हालात इतने खराब हैं कि लाखों घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की बिजली गुल हो गई है। सड़कों पर कई फीट बर्फ जमा होने के कारण सड़क यातायात पूरी तरह ठप है, जिससे लोग अपने घरों में कैद होने को मजबूर हैं। प्रशासन ने आपातकालीन स्थिति घोषित करते हुए लोगों को अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी है।

हवाई यातायात पर सर्जिकल स्ट्राइक: 12,000 उड़ानें रद्द, लाखों यात्री परेशान

बर्फीले तूफान का सबसे बुरा असर कमर्शियल हवाई यातायात पर पड़ा है। Flightaware.com के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को अमेरिका में लगभग 12,000 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 20,000 से अधिक उड़ानों ने देरी से उड़ान भरी। न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी, फिलाडेल्फिया और बाल्टीमोर जैसे व्यस्ततम हवाई अड्डों पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा है। जमा देने वाली बारिश के कारण रनवे पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे विमानों का परिचालन जोखिम भरा हो गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक हालात सामान्य होने की उम्मीद कम है।