UP News: AIMIM को बड़ा झटका! राष्ट्रीय प्रवक्ता आसिम वकार ने थामा कांग्रेस का हाथ

विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आसिम वकार कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। दिल्ली के इंदिरा भवन में उन्होंने कांग्रेस का हाथ थामा। वकार ने AIMIM की रणनीति पर सवाल उठाते हुए बीजेपी को सत्ता से हटाने और धर्मनिरपेक्ष सरकार बनाने की बात कही।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 2, 2026

UP News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM को बड़ा सियासी झटका लगा है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आसिम वकार ने AIMIM का साथ छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। दिल्ली के इंदिरा भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आसिम वकार औपचारिक रूप से कांग्रेस में शामिल हुए। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी भी मौजूद रहे।

राष्ट्रीय प्रवक्ता आसिम वकार कांग्रेस में शामिल

बताते चले कि, आसिम वकार लंबे समय से AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रखते रहे हैं। ऐसे समय में उनका पार्टी छोड़ना AIMIM के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। खासकर तब, जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल अपनी रणनीति तैयार करने में जुटे हैं।

दिल्ली में थामा कांग्रेस का हाथ

आसिम वकार ने दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। उनके कांग्रेस में शामिल होने के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस मौके पर उन्होंने अपने फैसले की वजह भी बताई और AIMIM की राजनीतिक रणनीति पर सवाल खड़े किए।

आसिम वकार ने AIMIM की रणनीति पर उठाए सवाल

कांग्रेस में शामिल होने के बाद आसिम वकार ने कहा कि AIMIM का शीर्ष नेतृत्व भले ही सार्वजनिक तौर पर बीजेपी का विरोध करता दिखाई देता हो, लेकिन जमीनी स्तर पर पार्टी का मुकाबला कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दलों से ही होता है। उन्होंने कहा कि वह इस राजनीतिक तरीके से सहमत नहीं थे और इसी वजह से कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया।

बीजेपी को हराने का दिया संदेश

आसिम वकार ने कहा कि देश में बीजेपी को सत्ता से हटाना और एक धर्मनिरपेक्ष सरकार बनाना उन सभी लोगों का उद्देश्य होना चाहिए जो देश से प्यार करते हैं। उनके बयान को यूपी चुनाव से पहले विपक्षी राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने संकेत दिया कि वह अब कांग्रेस के साथ रहकर बीजेपी के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई को मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे। उनके इस कदम से कांग्रेस को भी उत्तर प्रदेश में अपना आधार मजबूत करने की कोशिशों के बीच एक नया राजनीतिक चेहरा मिला है।

Asim Waqar ने हुमायूं कबीर को लेकर भी किया बड़ा दावा

कांग्रेस में शामिल होने के बाद आसिम वकार ने पश्चिम बंगाल के नेता हुमायूं कबीर का भी जिक्र किया। उन्होंने कबीर पर बीजेपी का एजेंट होने का आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने कथित तौर पर सामने आए एक स्टिंग ऑपरेशन का हवाला देते हुए दावा किया कि हुमायूं कबीर को 1,100 करोड़ रुपये मिले थे।

पैसों की जांच कराने की बात

आसिम वकार ने कहा कि अगर केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनती है तो इस मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने सवाल उठाया कि कथित तौर पर यह पैसा किसने दिया और आखिर यह पैसा कहां गया। हालांकि, उनके इन आरोपों को लेकर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया इस बयान में सामने नहीं आई है।

कांग्रेस की रणनीति को मिल सकता है फायदा

आसिम वकार का कांग्रेस में शामिल होना ऐसे समय हुआ है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो रही हैं। कांग्रेस प्रदेश में अपने राजनीतिक प्रभाव को दोबारा मजबूत करने की कोशिश कर रही है। पार्टी की नजर समाजवादी पार्टी के साथ संभावित गठबंधन और विपक्षी वोटों को एकजुट रखने की रणनीति पर भी है।

2022 UP Election में कांग्रेस का प्रदर्शन रहा था कमजोर

2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा था और सिर्फ दो सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं AIMIM भी अपना खाता नहीं खोल पाई थी। ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले दोनों दलों की रणनीति और जमीनी तैयारी पर नजर बनी हुई है।

आसिम वकार जैसे प्रमुख AIMIM चेहरे का कांग्रेस में जाना आगामी चुनाव में दोनों दलों की राजनीति को प्रभावित कर सकता है। अब देखना होगा कि आसिम वकार का कांग्रेस में यह सियासी कदम 2027 के यूपी चुनाव में पार्टी के लिए कितना फायदेमंद साबित होता है और AIMIM इस झटके के बाद अपनी रणनीति में क्या बदलाव करती है।