Aaj Ka Mausam: बारिश-तूफान का डबल अटैक, यूपी से दिल्ली तक मौसम विभाग का हाई अलर्ट जारी

अगले कुछ घंटों में मौसम दिखा सकता है खतरनाक रूप, कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी, हवा की रफ्तार 90 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। जानिए किन जिलों में सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है और क्या है मौसम विभाग की ताजा चेतावनी।

यूपी से दिल्ली तक मौसम विभाग का हाई अलर्ट जारी

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

जून 12, 2026

Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 10 घंटों के दौरान उत्तर भारत, पूर्वी भारत और कुछ दक्षिणी राज्यों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात की संभावना है। कई क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 85 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिणी पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड तथा गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल के आसपास चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हो रहा है, जिसके कारण मौसम में यह बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

Weather Update: यूपी-बिहार में मौसम का प्रकोप, 16 मौतें; दिल्ली समेत 16 राज्यों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट

15 राज्यों में भारी बारिश और तूफान की संभावना

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और असम में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। किसानों, मछुआरों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज भारी बारिश के साथ तेज आंधी आने की संभावना है। हवा की गति 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी, जहां अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम का कहर

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी, मध्य और पूर्वी हिस्सों के अनेक जिलों में तेज बारिश, आंधी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का खतरा बना हुआ है। मेरठ, नोएडा, आगरा, कानपुर, गोरखपुर, प्रयागराज, अयोध्या, झांसी और अन्य कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

बिहार और झारखंड में वज्रपात का खतरा

बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर समेत कई जिलों में मध्यम से भारी वर्षा और तेज हवाओं का अनुमान है। वहीं झारखंड के रांची, जमशेदपुर, दुमका और हजारीबाग सहित कई क्षेत्रों में बारिश के साथ आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

पहाड़ी राज्यों में भी खराब रहेगा मौसम

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर ओले गिरने की आशंका है। मौसम विभाग ने पर्यटकों को यात्रा से पहले मौसम की जानकारी लेने की सलाह दी है। जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है, क्योंकि तेज हवाओं से पेड़ गिर सकते हैं।

राजस्थान, पंजाब और मध्य प्रदेश में भी असर

राजस्थान के कई जिलों में धूलभरी आंधी और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। पंजाब में भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। वहीं मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर और उज्जैन सहित कई जिलों में मौसम बिगड़ने की संभावना बनी हुई है।

इंदौर के डायल-112 हीरोज घर की राह भटकी 4 वर्षीय बालिका को सुरक्षित परिजन से मिलाया

लोगों के लिए महत्वपूर्ण सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने, बिजली के खंभों और पेड़ों से दूर रहने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है। किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने और मछुआरों को समुद्र या बड़े जलाशयों में न जाने की सलाह दी गई है।