Zakir Khan: देश के जाने-माने स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान ने लाइव परफॉर्मेंस से काफी समय का ब्रेक लेने की घोषणा कर दी है, ऐसे में इनके फैंस को तेज झटका लगा। अपनी सादगी, शायरी और जिंदगी से जुड़े किस्सों के लिए पहचाने जाने वाले जाकिर ने साफ किया कि यह फैसला किसी मजबूरी में नहीं, बल्कि सेहत को प्राथमिकता देने के लिए लिया गया है।
Border 2: बॉर्डर 2 को मिली U/A 13+ रेटिंग, बिना कट होगी रिलीज, 3 घंटे से ज्यादा लंबी फिल्म
लगातार काम का सेहत पर पड़ा असर
जाकिर खान ने बताया कि पिछले कई सालों से वह बिना रुके लगातार काम कर रहे थे। करीब एक दशक तक टूर, शो और ट्रैवल का सिलसिला चलता रहा। कई बार एक ही दिन में दो-तीन शो करना, लगातार शहर बदलना और हर बार मंच पर बेस्ट देने का दबाव उनके शरीर और दिमाग दोनों पर भारी पड़ने लगा। समय के साथ थकान इतनी बढ़ गई कि उसका असर उनकी सेहत पर साफ दिखने लगा।
जून 2026 से शुरू होगा लंबा ब्रेक

जाकिर ने खुलासा किया कि वह जून 2026 के बाद लाइव स्टैंड-अप से पूरी तरह दूरी बना लेंगे। यह ब्रेक 2028 तक या जरूरत पड़ी तो 2030 तक भी चल सकता है। इस दौरान वह न तो टूर करेंगे और न ही नियमित परफॉर्मेंस का हिस्सा बनेंगे। उनका पूरा फोकस अब खुद को शारीरिक और मानसिक रूप से ठीक करने पर रहेगा।
डॉक्टरों की चेतावनी बनी फैसले की वजह
इस ब्रेक के पीछे सबसे अहम वजह डॉक्टरों की सख्त सलाह है। जाकिर के मुताबिक, डॉक्टरों ने उन्हें साफ शब्दों में कहा कि अगर अभी आराम नहीं किया गया, तो आगे चलकर समस्या और गंभीर हो सकती है। इसी चेतावनी के बाद उन्होंने यह बड़ा और जरूरी फैसला लिया।
एक साल से ठीक नहीं थी तबीयत
जाकिर खान ने बताया कि वह पिछले करीब एक साल से खुद को पूरी तरह स्वस्थ महसूस नहीं कर रहे थे। 2025 की शुरुआत से ही उनकी सेहत में लगातार उतार-चढ़ाव आ रहा था, लेकिन काम की व्यस्तता के चलते उन्होंने इसे नजरअंदाज किया। बाद में एहसास हुआ कि इस तरह खुद को थकाते रहना लंबे समय में नुकसानदेह साबित हो सकता है।
थकाने वाली लाइफस्टाइल बनी बड़ी वजह
जाकिर की खराब सेहत के पीछे उनका अनियमित और बेहद व्यस्त लाइफस्टाइल भी जिम्मेदार रहा। कभी सुबह-सुबह फ्लाइट, तो कभी देर रात तक शो, नींद की कमी, खाने-पीने का कोई तय समय नहीं और लगातार मानसिक दबाव—इन सभी चीजों ने मिलकर उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह थका दिया।
‘पापा यार’ टूर होगा आखिरी

ब्रेक से पहले जाकिर अपने मौजूदा ‘पापा यार’ टूर को 20 जून 2026 तक पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि वह इस आखिरी शो को एक सेलिब्रेशन की तरह देख रहे हैं। इसके बाद वह खुद को पूरी तरह आराम, रिकवरी और निजी जीवन के लिए समय देंगे।
काम से ब्रेक क्यों है जरूरी
काम से दूरी बनाना सिर्फ आराम का जरिया नहीं है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद जरूरी है। रिसर्च बताती हैं कि कुछ समय का ब्रेक लेने से तनाव कम होता है, ऊर्जा वापस आती है और फिजिकल-मेंटल हेल्थ में सुधार होता है। यही वजह है कि जाकिर का यह फैसला भावुक जरूर है, लेकिन उनकी लंबी और स्वस्थ जिंदगी के लिए बेहद अहम भी है।










