IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के आगाज से पहले अर्जुन तेंदुलकर की किस्मत और काबिलियत को लेकर क्रिकेट जगत दो धड़ों में बंट गया है। लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) द्वारा खरीदे जाने के बाद जहां अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अर्जुन के प्लेइंग इलेवन में शामिल होने पर संदेह जताया है, वहीं पूर्व क्रिकेटर और युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने अश्विन के बयानों को ‘बेकार’ करार देते हुए अर्जुन के बचाव में मोर्चा खोल दिया है।
अश्विन का विश्लेषण
बताते चले कि, भारतीय दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम संरचना का गहराई से विश्लेषण किया। अश्विन का मानना है कि अर्जुन तेंदुलकर को प्लेइंग इलेवन में स्थान मिलना काफी चुनौतीपूर्ण होगा। उन्होंने तर्क दिया कि लखनऊ की टीम में पहले से ही मोहम्मद शमी, मयंक यादव, मोहसिन खान और आवेश खान जैसे स्थापित और धारदार तेज गेंदबाज मौजूद हैं। अश्विन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक टीम के मुख्य गेंदबाज चोटिल नहीं होते, तब तक अर्जुन को मैदान पर उतरने का मौका मिलना लगभग नामुमकिन है।
योगराज सिंह का करारा जवाब
आपको बता दे कि, अश्विन के इस बयान ने योगराज सिंह को काफी आहत किया है। योगराज ने अश्विन की आलोचना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उनकी समझ पर सवाल खड़े किए। योगराज ने कहा, “अश्विन कौन होते हैं किसी के भविष्य का फैसला करने वाले? टीवी पर बैठकर यह कहना कि कोई खिलाड़ी क्या कर सकता है और क्या नहीं, यह पूरी तरह गलत है।” उन्होंने अश्विन को नसीहत देते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी के बारे में टिप्पणी करने से पहले अपनी सीमाएं समझनी चाहिए।
कोच का नजरिया
योगराज सिंह, जिन्होंने अर्जुन को व्यक्तिगत रूप से ट्रेनिंग दी है, उनका मानना है कि दुनिया उन्हें गलत चश्मे से देख रही है। उन्होंने अर्जुन की बल्लेबाजी क्षमता और ऑलराउंडर भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि वह केवल एक गेंदबाज नहीं हैं। योगराज के अनुसार, अर्जुन के पास शानदार स्ट्रोक खेलने की काबिलियत है और उनके बल्लेबाजी शॉट्स लाजवाब हैं। उन्होंने खुलासा किया कि ट्रेनिंग के दौरान उन्होंने अर्जुन के कोच से भी कहा था कि वे उसकी असली ताकत (बल्लेबाजी) को पहचान नहीं पा रहे हैं। योगराज ने अर्जुन की स्पाइन समस्या और अलग गेंदबाजी एक्शन का भी जिक्र किया।
योगराज सिंह का खुला चैलेंज
अपने बेबाक अंदाज के लिए मशहूर योगराज सिंह ने एक बड़ा दावा करते हुए खुली चुनौती दे डाली। उन्होंने कहा, “अर्जुन तेंदुलकर के क्रिकेट करियर का कायाकल्प करने के लिए मुझे केवल छह महीने चाहिए। अगर वह मेरे पास ट्रेनिंग के लिए आते हैं, तो मैं उन्हें दुनिया के सबसे बड़े बल्लेबाजों से आगे खड़ा कर दूंगा।” उन्होंने भावुक होते हुए यहाँ तक कह दिया कि अगर वह अर्जुन को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज नहीं बना पाए, तो वह अपनी दाढ़ी काट देंगे। यह दावा अर्जुन की छिपी हुई प्रतिभा के प्रति उनके अटूट विश्वास को दर्शाता है।
मुंबई से लखनऊ का सफर
सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत मुंबई इंडियंस के साथ की थी, जहाँ उन्होंने तीन सीजन बिताए। आईपीएल में अर्जुन तेंदुलकर का रिकॉर्ड अब तक मिला-जुला रहा है; 2023 में उन्होंने 4 मैचों में 3 विकेट झटके थे, लेकिन 2024 में उन्हें पर्याप्त अवसर नहीं मिले। अब लखनऊ सुपर जाएंट्स ने उन्हें 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया है। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि लखनऊ की जर्सी में अर्जुन को अपनी प्रतिभा साबित करने का सही मंच और मार्गदर्शन मिलेगा।









