Yogi Cabinet Expansion: योगी कैबिनेट का महा-विस्तार आज, 6 नए मंत्री लेंगे शपथ, 2027 के लिए बीजेपी ने तैयार किया ‘विजय चक्रव्यूह’

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार का दूसरा कैबिनेट विस्तार होने जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी इस विस्तार के जरिए कई राजनीतिक और सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश कर रही है।

Yogi Cabinet Expansion

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

मई 10, 2026

Yogi Cabinet Expansion: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में आज कैबिनेट विस्तार होने जा रहा है। लखनऊ स्थित लोक भवन में दोपहर 3:30 बजे छह नए मंत्री शपथ लेंगे। इस विस्तार के जरिए सरकार में खाली पड़े पदों को भरा जा रहा है और साथ ही आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश भी की जा रही है।

नए मंत्रियों में भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडेय, पूजा पाल, सुरेंद्र दिलेर, कृष्णा पासवान और हंसराज विश्वकर्मा शामिल हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात कर नए मंत्रियों की सूची सौंप दी थी।

UP Cabinet Expansion: कल दोपहर 3:30 बजे शपथ ग्रहण, कई दिग्गजों की होगी छुट्टी, नए चेहरों की एंट्री!

योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल में लगातार बदलाव

योगी आदित्यनाथ का दूसरा कार्यकाल 25 मार्च 2022 से जारी है। उस समय उन्होंने 52 मंत्रियों के साथ शपथ ली थी, जिनमें दो उपमुख्यमंत्री भी शामिल थे। बाद में कैबिनेट का पहला बड़ा विस्तार 5 मार्च 2024 को किया गया था, जिसमें चार नए विधायकों को मंत्री बनाया गया था।

उस विस्तार में सुभासपा के ओम प्रकाश राजभर, रालोद के अनिल कुमार, भाजपा के सुनील कुमार शर्मा और दारा सिंह चौहान को कैबिनेट में शामिल किया गया था। इसके बाद कुछ विधायकों के सांसद बनने और इस्तीफे के कारण मंत्रिमंडल में पद खाली हो गए, जिन्हें अब भरा जा रहा है।

महिलाओं और सामाजिक समीकरण पर खास फोकस

योगी कैबिनेट में अधिकतम 60 मंत्री शामिल किए जा सकते हैं। इस बार के विस्तार में छह खाली पदों को भरा जा रहा है। खास बात यह है कि बीजेपी ने इस विस्तार में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन के साथ-साथ महिला प्रतिनिधित्व पर भी ध्यान दिया है।

दो महिला नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है, जिससे सरकार में महिलाओं की भागीदारी को और मजबूत किया जा सके। इसके अलावा विपक्ष के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को जवाब देने की कोशिश भी इस विस्तार में साफ नजर आती है।

नए चेहरों के जरिए चुनावी रणनीति मजबूत करने की कोशिश

इस कैबिनेट विस्तार को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले एक अहम राजनीतिक कदम माना जा रहा है। बीजेपी ने ऐसे नेताओं को शामिल किया है जिनका अलग-अलग क्षेत्रों और समुदायों में प्रभाव है। भूपेंद्र चौधरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और पंचायती राज विभाग का अनुभव रखते हैं। कृष्णा पासवान तीन बार के विधायक हैं, जबकि सुरेंद्र दिलेर अलीगढ़ क्षेत्र से मजबूत राजनीतिक पकड़ रखते हैं।

मनोज पांडेय और पूजा पाल पहले समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे हैं और बाद में बीजेपी में शामिल हुए। दोनों को मंत्री बनाकर पार्टी ने विपक्षी वोट बैंक में भी सेंध लगाने की कोशिश की है। हंसराज विश्वकर्मा वाराणसी से आते हैं और एमएलसी हैं, जिससे पूर्वांचल क्षेत्र में पार्टी की पकड़ और मजबूत होगी।

UPSC NDA 1 Result 2026 Declared: एनडीए लिखित परीक्षा के नतीजे जारी, यहाँ से डाउनलोड करें मेरिट लिस्ट की PDF