Yogi Adityanath: रसोइया सम्मान समारोह में योगी का बड़ा ऐलान, 5 लाख तक मुफ्त इलाज की सुविधा

उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के स्कूलों में काम करने वाले करीब 3.53 लाख रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी करने के साथ-साथ उन्हें 5 लाख रुपये तक के मुफ्त और कैशलेस इलाज की सुविधा देने का बड़ा तोहफा दिया है।

Yogi Adityanath

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

अगस्त 23, 2026

Yogi Adityanath: लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित रसोइया सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 3.53 लाख रसोइयों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। पीएम पोषण योजना के तहत परिषदीय और एडेड स्कूलों में कार्यरत रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने मंच से 11 रसोइयों को कार्ड सौंपे, जबकि प्रदेशभर में करीब 1500 रसोइयों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। जिला और तहसील स्तर पर भी रसोइयों को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन से पहले रसोइयों के लिए चार प्रमुख योजनाओं की घोषणा की। इनमें मानदेय में बढ़ोतरी, दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, पांच लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा और ड्रेस के लिए मिलने वाली राशि को दोगुना करना शामिल है। साड़ी खरीदने के लिए अब 500 रुपये की जगह 1000 रुपये दिए जाएंगे। साथ ही रसोइयों के बैंक खाते खुलवाकर मानदेय सीधे खाते में भेजने की बात भी कही गई।

ब्रजेश पाठक ने 2027 के चुनाव का किया जिक्र

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने स्थानीय अंदाज में रसोइयों से संवाद करते हुए सरकार की योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रसोइयों का मानदेय बढ़ाया गया है और अब बीमारी की स्थिति में पांच लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

पाठक ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी रसोइयों से अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह सब्जी खरीदते समय उसकी गुणवत्ता जांची जाती है, उसी तरह चुनाव में भी सभी को सोच-समझकर फैसला लेना चाहिए। उन्होंने 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर मौजूदा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

अखिलेश यादव और विपक्ष पर योगी का हमला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के समय प्रदेश में अपराध और माफिया का बोलबाला था। योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।

उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में हुए बदलावों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, अब सरकारी स्कूलों में बच्चों को ड्रेस, जूते-मोजे और स्वेटर जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि पहले गरीब बच्चों को कई बार नंगे पैर स्कूल जाना पड़ता था, जबकि अब स्कूलों की व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार हुआ है।

रसोई की स्वच्छता और सुरक्षा पर जोर

मुख्यमंत्री ने रसोइयों से अपील की कि बच्चों को मेन्यू के अनुसार समय पर स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने रसोई की साफ-सफाई को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। साथ ही कहा कि खाना बनाते समय किसी बाहरी व्यक्ति की अनावश्यक आवाजाही नहीं होनी चाहिए और भोजन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने स्कूलों की स्थिति को लेकर विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग जर्जर भवनों के वीडियो दिखाकर सरकार को घेरने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्कूलों का कायाकल्प किया जा रहा है और शिक्षा व्यवस्था को नकल से मुक्त कर बेहतर बनाया गया है।

योगी ने अटल आवासीय विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों, आईटीसी लैब और बाल वाटिकाओं जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शिक्षा, पौष्टिक भोजन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। साथ ही रसोइयों की सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।

UP में प्रदूषण रोकने की तैयारी तेज, पराली प्रबंधन से EV बसों तक मुख्य सचिव ने