
UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र की महानवमी और विजयादशमी के मौके पर प्रदेशवासियों को खास पाती लिखकर शुभकामनाएं दी। इस संदेश में उन्होंने मां दुर्गा के पराक्रम और प्रभु श्रीराम के आदर्शों का जिक्र करते हुए लोगों से अन्याय के खिलाफ खड़े होने, नारी का सम्मान करने और अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाने की अपील की।
सीएम योगी ने कहा कि मां दुर्गा का साहस और प्रभु श्रीराम का धर्म के प्रति समर्पण हमें जीवन में सही रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि अन्यायी और अधर्मी चाहे कितने भी ताकतवर क्यों न हों, आखिरकार जीत सत्य और धर्म की ही होती है। विजयादशमी इसी विश्वास और सच्चाई का प्रतीक है।
प्रभु श्रीराम के आदर्श और सामाजिक समरसता का दिया संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पाती में प्रभु श्रीराम के आदर्शों का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति हमें जीत का उत्सव मनाने के साथ विनम्रता और ज्ञान का सम्मान करना भी सिखाती है। उन्होंने मां और मातृभूमि के प्रति प्रेम, समाज के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन का अहम हिस्सा बताया।

सीएम योगी ने प्रभु श्रीराम को सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि रामलीला में समाज के सभी वर्गों के लोग बिना किसी भेदभाव के हिस्सा लेते हैं। यह परंपरा आपसी भाईचारे और एकजुटता का संदेश देती है। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श सिर्फ भारत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दुनिया के कई देशों की सांस्कृतिक परंपराओं में भी उनकी झलक देखने को मिलती है।
कानून-व्यवस्था और अपराधियों पर कार्रवाई को बताया प्राथमिकता
सीएम योगी ने कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों के अनुरूप प्रदेश में कानून का शासन कायम रखना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए प्रदेश में भयमुक्त माहौल बनाने के लिए कई निर्णायक कदम उठाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति से कानून के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है। हालांकि, सुरक्षित और बेहतर समाज बनाने के लिए सिर्फ सरकार के प्रयास काफी नहीं हैं, बल्कि इसमें आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
कसारी-मसारी में बनेगा गरीबों का आवास

अपनी पाती में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कसारी-मसारी क्षेत्र का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि माफिया के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीब परिवारों के लिए आवास बनाए जाएंगे। साथ ही, पूरे क्षेत्र को कृष्णपुरी के नाम से विकसित करने की बात कही। सरकार की इस पहल का उद्देश्य मुक्त कराई गई जमीन का इस्तेमाल गरीबों को आवास उपलब्ध कराने और इलाके के विकास के लिए करना है। मुख्यमंत्री ने अपराध और माफिया के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करते हुए कानून के राज को मजबूत करने पर जोर दिया।
दशहरे पर अहंकार और भेदभाव रूपी रावण के दहन की अपील
सीएम योगी ने विजयादशमी के मौके पर लोगों से अहंकार, अन्याय, भेदभाव और नकारात्मकता जैसी बुराइयों को खत्म करने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि दशहरा सिर्फ रावण दहन का त्योहार नहीं है, बल्कि अपने भीतर की बुराइयों को पहचानकर उन्हें दूर करने का अवसर भी है। मुख्यमंत्री ने व्यसन से जूझ रहे लोगों के प्रति भी संवेदनशीलता दिखाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर आसपास कोई व्यक्ति किसी बुरी लत से परेशान है, तो उसे तिरस्कार करने के बजाय सहयोग और संवेदना देनी चाहिए। ऐसे लोगों को स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना समाज की जिम्मेदारी है।











