UP News: मोबाइल से AI तक यूपी की उड़ान,CM योगी ने बताया कैसे बना नया उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा का जिक्र करते हुए निवेश, इलेक्ट्रॉनिक्स, स्टार्टअप, माइक्रोचिप, डेटा सेंटर और एआई के क्षेत्र में प्रदेश की बढ़ती ताकत बताई। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद विकास की प्राथमिकताएं बदली हैं और उत्तर प्रदेश अब तकनीक का बाजार बनने के बजाय तकनीक का निर्माता बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अक्टूबर 6, 2026

UP News: सीएम योगी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए यूपी की विकास यात्रा को साझा करते हुए पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने बदलती विकास यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि बीते साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश ने तकनीक, निवेश, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाई है। सीएम योगी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट के जरिए 2017 से पहले और वर्तमान उत्तर प्रदेश की तस्वीर की तुलना की। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश केवल तकनीक का बड़ा बाजार नहीं, बल्कि तकनीक के निर्माण और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

2017 के बाद उत्तर प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विकास को मिली नई रफ्तार

UP News

बताते चले कि,सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में असीम संभावनाएं होने के बावजूद उनका पर्याप्त उपयोग नहीं किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश की चिंता से ज्यादा परिवार और निवेशक से अधिक अपराधियों की चिंता हो, तो भविष्य की तकनीक के लिए अनुकूल वातावरण कैसे तैयार किया जा सकता है। सीएम ने कहा कि पिछली सरकारों के दौर में उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकालने के बजाय उसी स्थिति में बनाए रखा गया।

मेक इन इंडिया और डिजिटल इंडिया से जुड़ा यूपी का विकास मॉडल

इसी कड़ी में आगे, सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के विजन को डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश में नीति, निवेश और उत्पादन से जोड़ा है। सरकार का दावा है कि इसी नीति के चलते इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण, डेटा सेंटर, स्टार्टअप और अत्याधुनिक तकनीक से जुड़े क्षेत्रों में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक विकास की यह प्रक्रिया अब मोबाइल फोन के उत्पादन से आगे बढ़कर मॉड्यूल और माइक्रोचिप तक पहुंच चुकी है।

मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन में उत्तर प्रदेश की बड़ी हिस्सेदारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में देश के करीब 60 प्रतिशत मोबाइल फोन और लगभग 55 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट के उत्पादन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी है। उन्होंने इसे प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की बड़ी उपलब्धि बताया। मुख्यमंत्री के अनुसार नोएडा और जेवर क्षेत्र इलेक्ट्रॉनिक्स और तकनीकी उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहे हैं, जिससे निवेश और रोजगार के नए अवसर भी तैयार हो रहे हैं।

जेवर चिप यूनिट और डेटा सेंटर से मजबूत होगी डिजिटल अर्थव्यवस्था

सीएम योगी ने बताया कि जेवर में करीब 3,706 करोड़ रुपये की लागत से एचसीएल-फॉक्सकॉन की चिप इकाई तैयार हो रही है। इसके अलावा प्रदेश में 644 मेगावाट क्षमता वाले डेटा सेंटर के प्रस्ताव भी सामने आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 24 हजार से अधिक स्टार्टअप और आठ यूनिकॉर्न मौजूद हैं। उनके मुताबिक यह आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश में तकनीकी और डिजिटल अर्थव्यवस्था का आधार तेजी से मजबूत हो रहा है।

परिवारवाद और माफियाकरण पर योगी का हमला

मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश की स्थिति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय घोषणाएं तो होती थीं, लेकिन योजनाओं और परियोजनाओं को जमीन पर उतारने में कठिनाइयां आती थीं। योगी ने पूर्ववर्ती सरकार पर परिवारवाद और माफियाकरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उस दौर में सैफई महोत्सव को ही सांस्कृतिक उत्थान का प्रतीक और माफियाकरण को औद्योगिकीकरण के मॉडल के तौर पर देखा गया।

निवेश, स्टार्टअप और तकनीक से बन रहा नया उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने विकास की प्राथमिकताओं में बदलाव किया है। अब परिवार के विकास की जगह प्रदेश के विकास, माफिया संरक्षण की जगह निवेशक संरक्षण और तुष्टीकरण की जगह तकनीक को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग के विस्तार के साथ डेटा सेंटर की जरूरत बढ़ी और अब डेटा सेंटर से आगे उत्तर प्रदेश एआई सिटी जैसी भविष्य की तकनीकी परियोजनाओं की ओर बढ़ रहा है।

AI और नई तकनीक से युवाओं को रोजगार देने की तैयारी

UP News

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एआई-प्रज्ञा पहल के माध्यम से 10 लाख युवाओं को नई तकनीकों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का बढ़ता स्टार्टअप इकोसिस्टम युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार पैदा करने वाला बनाने में मदद कर रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक कभी उत्तर प्रदेश तकनीक के लिए दूसरे राज्यों और देशों पर निर्भर बाजार था, लेकिन अब वह तकनीक के निर्माण और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

HCL टेक की 10वीं वर्षगांठ पर लखनऊ में बड़ा कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने बताया कि मंगलवार को लखनऊ में एचसीएल टेक की स्थापना के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वह शामिल होंगे। इसी कार्यक्रम के दौरान एचसीएल जीयूवीआई इमर्जिंग टेक स्किलिंग सेंटर का शुभारंभ भी किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इस केंद्र के माध्यम से युवाओं को उभरती तकनीकों से जुड़ी स्किलिंग के अवसर मिलेंगे।

विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प के साथ नई उड़ान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की यह विकास यात्रा केवल तकनीक और उद्योग तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध युवाओं के रोजगार, उद्यमिता और आर्थिक समृद्धि से है। उन्होंने इसे ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प से जोड़ते हुए कहा कि असेंबली से एआई तक पहुंच रही प्रदेश की यात्रा नए उत्तर प्रदेश की नई उड़ान को दर्शाती है।